महुअर डेम की फूटी नहर से खेत हुए जलमग्न, ग्रामीणों ने जल संसाधन पर लगाया लापरवाही का आरोप
शिवपुरी. पिछोर अनुविभाग में महुअर नदी डेम की नहर सोमवार की शाम अचानक फूट गयी ।डेम के गेट से पानी छोड़े जाने के बीच ही तेज वहाव की वजह नहर का एक हिस्सा धंस गया। जिससे आसपास के खेतों में पानी भरह गया है। किसानों की खड़ी फसले जलमग्न हो गयी। वर्ष 2013 में निर्मित इस डेम से 2 नहरें निकाली गयी थी। इनमें से दुल्हई साजौर गांव की ओर जाने वाली नहर का एक हिस्सा माता साजौर गांव में माता मंदिर के समीप क्षतिग्रस्त होकर फूट गया।
नहर के फूटने से पानी खेतों में फैल गया। जिससे भगवान सिंह और पंचमसिंह समेत कई किसानोें की फसलें खराब हो गयी है। किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है।
नहर पहले से जर्जर थी
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि नहर लम्बे समय से जर्जर हालत में थी। इसकी शिकायतें भी की गयी थी। लेकिन जल संसाधन ने समय रहते ध्यान नहीं दिया गया। पीडि़त किसानों ने खराब हुई फसलों के लिये मुआवजे की मांग की है। जलसंसाधन संभाग के कार्यपालन यंत्री विनोद शर्मा ने बताया है कि सोमवार की शाम नहर का एक हिस्सा फूट गया था। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को तत्काल मरम्मत के निर्देश दिये है। मंगलवार से काम शुरू करवा दिया गया है। विनोद शर्मा ने बताया है कि नहर पुरानी हो चुकी थी। क्षतिग्रस्त हिस्से को 2 दिनों में ठीक करा दिया जायेगा।

