मध्य प्रदेश में विधानसभा का मानसून सत्र 21 सितंबर से बुलाया जाएगा
भोपाल. मध्य प्रदेश में विधानसभा का मानसून सत्र 21 सितंबर से बुलाया जाएगा। 3 दिन का सत्र बुलाए जाने को लेकर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल की ओर से मंजूरी मिल चुकी है। विधानसभा से सत्र की अधिसूचना भी जारी हो गई है। बता दें कि पिछला बजट सत्र कोरोना संक्रमण की वजह से रद्द किया गया था।
जानकारी के अनुसार पहले दिन श्रद्धांजलि के बाद विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा जिसके बाद सदन की कार्यवाही औपचारिक रूप से शुरू होगी। तीन दिवसीय सत्र में प्रदेश का बजट पारित होगा। इसको लेकर सत्र का विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही तय किया जाएगा। विधानसभा का आखिरी सत्र 24 मार्च को था और नियम के अनुसार 6 महीने में सत्र बुलाना अनिवार्य है जिसे देखते हुए अब 21 से 23 सितंबर तक विधानसभा का सत्र आयोजित किया जाएगा।

