मजाक में हुआ विवाद मंदिर के पुजारी बेरहमी से की मारपीट, सीसीटीवी में वीडियो हुआ कैद

ग्वालियर. मंदिर के पुजारी के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया है। जिसमें लगभग 5 से अधिक युवक पुजारी को बीच सड़क पर घेरकर लात-घूंसे, बेल्ट और लाठियों से पीटते दिखाई दे रहे है। यह घटना मोहना क्षेत्र के बड़ागांव में 29 मार्च की रात की बताई जा रही है। मारपीट के बीच पुजारी को हाथ-पैर और सिर में गंभीर चोटें आयी है। यहां तक कि उनके कपड़े तक फट गये। युवकों द्वारा की गयी। इस मारपीट की पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी। इसके बाद, पीडि़त पुजारी ने थान जाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पुजारी की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 3 नामजद समेत 6 हमलावरों के खिलाफ मंगलवार की रात को मामला दर्ज कर उनकी तलाश ॅशुरू कर दी है।
क्या है मामला
ग्वालियर के मोहना थाना क्षेत्र में मजाक-मजाक में हुए विवाद के बाद दो भाइयों ने मिलकर पुजारी के साथ मारपीट कर दी। 52 वर्षीय पुजारी महेश शर्मा पुत्र बुद्धाराम शर्मा ने बताया कि वह मोहना के पास बड़ागांव स्थित माता मंदिर के पुजारी हैं। 29 मार्च को दोपहर करीब 3:30 बजे, जब वह अपने घर जा रहे थे, तब चंद्रपाल धाकड़ ने उनसे मजाक में गाली दी। पुजारी ने भी मजाक में जवाब दिया और फिर सामान लेने के लिए मोहना चले गए। लेकिन जब वह सामान लेकर रात करीब 7:00 बजे वापस लौट रहे थे, तभी चंद्रपाल सिंह धाकड़ और उसके भाई रामौतार धाकड़ ने रास्ते में उन्हें घेर लिया और बेल्ट व लाठियों से हमला कर दिया। इसी दौरान प्रिंस धाकड़ भी अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया और उसने भी मारपीट में हिस्सा लिया। इस हमले में पुजारी के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। मारपीट के बाद सभी हमलावर वहां से भाग गए। इसके बाद पुजारी थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उनकी शिकायत पर रामौतार, चंद्रपाल और प्रिंस धाकड़ सहित कुल छह हमलावरों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
मामले की जानकारी देते हुए मोहना थाना प्रभारी रशीद खान ने बताया कि एक मंदिर के पुजारी के साथ किसी बात को लेकर आधा दर्जन बदमाशों ने मारपीट की है। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने पीडि़त पुजारी की शिकायत के आधार पर हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

