भिंड कलेक्टर और BJP विधायक का मामला भोपाल पहुंचा, आईएएस एसोसियेशन सीएम से मिलेंगे, विधायक मिले प्रदेशाध्यक्ष से रखा पक्ष

भोपाल. भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के बंगले में घुसकर BJP विधायक और समर्थकों के द्वारा की गयी अभद्रता के मामले में IAS ऑफिसर्स एसोसियेशन विरोध में उतर आये हैं। एसोसियेशन शुक्रवार को CM मोहन यादव और CS अनुराग जैन से मिलकर घटनाक्रम को लेकर विरोध जतायेगा। अपमानजनक शब्दाबली को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करेगा। भविष्य में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ऐसी घटनायें घटित न हों।
MP IAS एसोसियेशन के अध्यक्ष मनु श्रीवास्तव ने बताया है कि बुधवार को भिंड कलेक्टर के साथ हुए घटनाक्रम को लेकर आज मुख्य सचिव अनुराग जैन से मुलाकात की थी। इस मामले में विरोध दर्ज कराया गया है। एसोसियेशन के पदाधिकारी और आईएएस अधिकारी एक साथ मुख्य सचिव अनुराग जैन और सीएम मोहन यादव से फिर मुलाकात करेंगें। संपूर्ण घटनाक्रम पर कार्यवाही के साथ ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न होने की मांग भी करेंगे। उन्होंने कहा है कि इस पूर मामले में आज उन्होंने भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव से भी बात की है। संभागायुक्त चंबल संभाग से भी घटना की जानकारी ली है। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इस तरह की एक्टिविटी रोकने की मांग को लेकर एसोसियेशन पूरी तरह गंभीर है।
BJP ने अपने विधायक को किया भोपाल तलब
भिंड कलेक्टर संजीव कुमार श्रीवास्तव को ‘मुक्का’ दिखाने वाले BJP विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा को भोपाल तलब किया गया है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि इस कृत्य को अनुशासनहीनता माना गया और विधायक को सख्त फटकार लगाई गई । भाजपा नेतृत्व ने उन्हें जनप्रतिनिधि की गरिमा बनाए रखने और अपने आचरण में सुधार लाने की चेतावनी दी है।

प्रदेशाध्यक्ष से मिले विधायक नरेन्द्र कुशवाह
किसानों को खाद नहीं मिलने से कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव द्वारा किये गये कार्यो से भाजपा में असंतोष है पूरे घटनाक्रम के संबंध में प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश संगठन महमात्री हितानंद शर्मा और प्रदेश प्रभारी महेन्द्र सिंह को कलेक्टर की कारगुजारियों से अवगत कराया।
कलेक्टर के बंगले का यह था घटनाक्रम
भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह अपने समर्थकों के साथ कलेक्टर आवास पर पहुंचे। यहां कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव मेन गेट पर आए। यहां विधायक ने तू-तड़ाक शुरू किया। इस पर कलेक्टर नाराज हो गए। कलेक्टर ने उंगली दिखाई और कहा औकात में बातचीत करना।विधायक कुशवाह ने आंखें दिखाते हुए दांतों को पीसते हुए मुक्का बांधकर दिखाया। इस पर समर्थक भी गुस्साए और कहा कि औकात से बोलना। फिर नारेबाजी की। इस समय कलेक्टर गेट के अंदर हो गए। विधायक कुशवाह ने फिर थप्पड़ मारने के लिए हाथ दिखाया। तभी गार्ड आगे आए। उन्होंने कलेक्टर को भीतर करते हुए विधायक और कलेक्टर के बीच गेट पर हाथ रख लिए।
विधायक- तू मुझे जानता नहीं है। कई बार समझा दिया फिर भी नहीं मानता।
कलेक्टर- रेत की चोरी नहीं चलने दूंगा।
विधायक- तू सबसे बड़ा चोर है।
कलेक्टर ने ओझा गांव की रेत खदान के बारे में बोलना चाहा तभी विधायक ने फिर आंखें दिखाई और गुस्साए। इस दौरान कलेक्टर ने फिर कुछ कहा। इस पर फिर विधायक बंगले में घुसने लगे। इसी दौरान विधायक के गार्ड ने कहा भाई साहब बैठकर बातचीत कर लीजिए।
विधायक- प्राइवेट आदमियों से वसूली करवा रहे हो। वहां पटवारी भेज दिए।
इसके बाद विधायक के कुछ समर्थक नारे लगा रहे थे। वो रुके तो विधायक बोले- लगाओ नारे। इसी समय कलेक्टर से फिर विधायक बोले- पटवारी कैसे बैठाए। फिर कलेक्टर अंदर चले गए। इसी समय विधायक अभद्र भाषा में बोलते हुए गेट के अंदर घुस गए और बोले- तू आ जा तुझे देखता हूं। तू आजा।इस पर कलेक्टर फिर लौटे और विधायक के समर्थकों को डांटते हुए बोले मेरे घर के अंदर आकर वीडियो बना रहे हो। मेरे घर के अंदर वीडियो बना रहे हो। इस पर समर्थकों ने मोबाइल बंद कर लिया।

