भाजपा नेता के साथ न्यू सिटीसेंटर में जमीन दिलाने का भरोसा देकर एक फर्म ने 3.21 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की
ग्वालियर. भाजपा के किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष और उनके साथियों के साथ न्यू सिटी सेंटर में जमीन दिलाने का भरोसा देकर एक फर्म ने 3.21 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। घटना 4 साल से अभी तक के बीच की है। आखिरी बार 17 जून को भाजपा नेता ने आरोपित पक्ष से पत्र व्यवहार किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला और न तो रुपये लौटाए न ही जमीन की रजिस्ट्री की। इसके बाद भाजपा नेता व उनके साथी विश्वविद्यालय थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपित पक्ष पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
दलबीर सिंह के साथ सौदा 3.21 करोड़ रुपये में तय हुआ था
शिंदे की छावनी रामदास घाटी निवासी भरत दांतरे पुत्र शीतल दांतरे और उनके साथी कारोबारी विपुल गुप्ता, रामवीर गुर्जर, नीरज शर्मा ने साथ मिलकर फर्म मेसर्स श्रुति इंजीनियरिंग के साझेदार दलबीर सिंह से न्यू सिटी सेंटर एरिया में कलेक्ट्रेट के पीछे जमीन का सौदा किया था। भारत दांतरे भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष है। दलबीर सिंह के साथ सौदा 3.21 करोड़ रुपये में तय हुआ था। इस जमीन के लिए 4 साल पहले 3.17 करोड़ रुपये वह दे चुके थे लेकिन कुछ समय बाद दलबीर सिंह ने बताया कि उस जमीन में कुछ दस्तावेज की उलझन आ गई है। उस जमीन के पास ही अपनी दूसरी जमीन उसी कीमत पर बेचना तय किया।
एसपी के निर्देश पर धोखधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया
भाजपा नेता व उनके साथी इसमें भी तैयार हो गए। शेष 4 लाख रुपये चेक के माध्यम से दलबीर सिंह को दे दिए। इसके बाद भी उसने न रजिस्ट्री की न ही कोई जवाब दिया। कई बार कहने के बाद भी वह लगातार मामले को टालता रहा। इस पर भाजपा नेता की ओर से उसे 17 जून को आखिरी बार संवाद किया लेकिन दलबीर सिंह ने उनके रुपये या जमीन दोनों देने से मना कर दिया। इसके बाद भाजपा नेता ने एसपी से मामले का जिक्र किया। एसपी के निर्देश पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने आरोपित श्रुति इंजीनियरिंग के साझेदार दलबीर सिंह पर धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

