भाई ने की बहन की हत्या, सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा, भाई है तभी से गायब
ग्वालियर. अयोध्या नगरी में 16 दिन पहले हुई महिला की हत्या में उसके भाई और भाई के दोस्त की भूमिका सामने आयी है। आखिरकार पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिला है। जिसमें महिला का भाई अंदर जाते हुए और बाद में हड़बड़ोते हुए बाहर आता दिख रहा है। उसके साथ में उसका दोस्त भी है। अब पुलिस को यकीन हो गया है कि भाई ने ही दोस्त के साथ मिलकर बहन की हत्या कर गहने लूटे हैं। हत्या लूट के लिये की गयी है या कोई और भी वजह है। यह हत्यारे भाई के हाथ आने के बाद ही पता चल सकेगा। इस मामले में शुरू से पुलिस महिला के पति पर भी संदेह कर रही थी। पुलिस ने आरोपी की तलाश में टीमें रवाना कर दी गयी है।
यह है पूरा मामला
जनकगंज स्थित अयोध्या नगरी निवासी मनीष शर्मा होटल कर्मचारी है। उसकी पत्नी माला शर्मा, डेढ़ साल का बेटा व देवर यहां रहते थे।। 6 अक्टूबर के दोपहर ढाई बजे जब मनीष घर पर खाना खाने आया तो उसकी पत्नी माला शर्मा का शव लहूलुहान हालत में बेडरूम पर पड़ा था। बेटा पत्नी के पेट पर खेल रहा था। अलमारी से 10 तोला वजनी सोने के जेवर व 50 हजार रुपए गायब थे। घटना का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी गई।घटना का पता चलते ही मृतका के पिता रामबाबू शर्मा व उनके अन्य परिजन भी मौके पर पहुंचे। पिता ने बेटी के पति मनीष पर आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने प्रारंभिक पड़ताल मनीष को ही संदेह के घेरे में रखकर की थी, लेकिन जांच के दौरान जो खुलासा हुआ, उसे देखकर पुलिस भी सन्न रह गई।
भाई ने हत्या की सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा
पुलिस ने जांच की तो मृतका के घर के पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो इसमें 2 युवक घर में जाते हुए और बाहर आते दिखे। पता चलते ही पुलिस ने फुटेज के आधार पर मृतका के पति से पूछताछ की। पति मनीष ने बताया कि फुटेज उनके साले शेखर शर्मा व दूसरा युवक साले के पड़ोस में रहने वाला है। इसका पता चलते ही पुलिस ने शेखर के मोबाइल की डिटेल निकाली तो पता चला कि घटना वाले दिन उसकी लोकेशन जनकगंज इलाके में थी और घटना के दिन शेखर के परिजन ने इसकी जानकारी पुलिस को नहीं दी थी। मामले में पुलिस ने शेखर व उसके साथी पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में पुलिस की एक टीम गाजियाबाद आरोपियों को पकड़ने के लिये रवाना की है।
पुलिस बोली
जनकगंज थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार ने बताया कि मृतका के भाई व उसके साथी के खिलाफ हत्या व लूट का केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में टीम रवाना कर दी है। जल्द हीए आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

