बदमाशों ने पहले भरपेट खाए पकौड़े, दुकानदार ने पैसे मांगे तो उंडेल दिया खोलता हुआ तेल
ग्वालियर. स्कूटी पर सवार होकर आए 2 बदमाशों ने दुकानदार पर खौलता हुआ तेल उंडेल दिया। इस घटना में ठेला संचालक बुरी तरह से झुलस गया है। फिलहाल, स्थानीय लोगों ने दुकानदार को तत्काल अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। बताया जा रहा है कि, हमले में युवक बुरी तरह झुलस गया है। दो युवकों ने पहले तो एक ठेले पर खूब जमकर भजिए खाए। इसके बाद वो हाथ पोछकर मौके से जाने लगे तो दुकान संचालक ने उनसे खाए हुए पकोड़ों के रुपए मांगे। इसपर बदमाशों ने रुपए देने से इंकार कर दिया। दुकानदार द्वारा जब इसका विरोध किया गया तो बदमाशों ने ठेलेवाले पर खौलता हुआ तेल डाल दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल ठेले वाले इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि, युवक की हालत नाजुक है।
क्या है पूरा मामला
शहर के गोल पहाड़िया इलाके में रहने वाले राजेश शिवहरे आनंद नगर शराब की दुकान के पास भजिये का ठेला लगाता है। राजेश के साथ उनका रिश्तेदार दीपक शिवहरे भी काम करता है। बीती रात एक्टिवा पर सवार दो बदमाश ठेले पर आए और उन्होंने 60 रुपए के भजिये का ऑर्डर दिया। दीपक ने उनको भजिया गर्म कर दी। लेकिन भजिया खाकर एक्टिवा सवार जाने लगे तो दीपक ने उनसे रुपए मांगने के लिए आवाज दी। इसपर दोनों बदमाशों ने कहा कि, वो किसी को पैसे नहीं देते। लेकिन, दीपक ने उनसे पैसे देने का जोर दिया तो बदमाशों ने दीपक के साथ मारपीर शुरू कर दी। बदमाशों ने यहीं बस नहीं किया, उन्होंने दीपक के ऊपर खौलता हुआ तेल उंडेल दिया। अचानक खोलता हुआ तेल डलने से दीपक ने चीख-पुकार शुरु कर दी जिसे सुनकर मौके पर कई लोग जमा हो गए। इसी बीच बदमाश मौका पाकर फरार हो गए।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी लगते ही बहोड़ापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दीपक को इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया। फिलहाल दीपक की हालत नाजुक बनी हुई है। दीपक के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश शुरू कर दी है।

