बायपास पर डम्पर पलटने से युवक की मौत, मृतक कुछ देर पहले एक ट्रक में बैठा था उसे मौत बाहर खींच लाई
ग्वालियर. बायपास पर एक ट्रक ड्रायवर पर उस वक्त तेज रफ्तार डम्पर पलट गया जब वह सड़क किनारे खड़ा था। घटना के वक्त डम्पर काफी रफ्तार में था। आगे खड़े ट्रक को बचाने जब ड्रायवर ने रफ्तार में डम्पर को मोड़ दिया तो वह अनियंत्रित होकर पलट गया। मृतक काफी देर सेअपने ट्रक में ही बैठा था। लेकिन मौत उसे कुछ मिनट पहले ही बाहर खींच लाई।
वह चाय पीने के लिये उतरा और उस पर बेकाबू डम्पर पलट गया। घटना ग्वालियर बायपास पर मंगलवार की सुबह की है। पुलिस ने शव को निगरानी में लेने के बाद आरोपी डम्पर ड्रायवर पर मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
ग्वालियर.झांसी हाइवे पर बड़ागांव पर मानसी ढाबा के पास अचानक एक ट्रक का टायर बर्स्ट हो गया। जिस कारण चालक ने ट्रक को सड़क किनारे ही खड़ा कर दिया। इसी समय पीछे भिंड की ओर से एक डंपर तेज रफ्तार में आ रहा था। चालक की नजर आगे सड़क किनारे खड़े ट्रक पर पड़ी तो उसने भिडंत को बचाने के लिए डंपर को दूसरी तरफ मोड़ने के लिए स्टेयरिंग घुमा दी। डंपर तेज रफ्तार में होने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक युवक पर जा पलटा। हादसे के बाद डंपर चालक तो कूदकर भाग गया, लेकिन सड़क किनारे खड़े युवक कुचल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। डंपर के नीचे कुचलने वाला भी उसी ट्रक का चालक था जिसका सड़क पर टायर बर्स्ट हुआ था। काफी देर से चालक ट्रक में बैठा था, लेकिन वह चाय पीने उतरा उसी समय डंपर ने उसे चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया।
मृतक कौन था और कहां का रहने वाला है
अभी पुलिस यह भी पड़ताल कर रही है कि मृतक कौन था और कहां का रहने वाला था। क्योंकि उसकी पहचान नहीं हो सकी है। सड़क पर खराब पड़े ट्रक का उसे चालक बताया जा रहा है। ट्रक राजस्थान के रजिस्ट्रेशन नंबर का है। पुलिस ट्रक से ही मृतक की पहचान करने में जुटी है।
एक की मौत, 2 घायल
मंगलवार सुबह ही झांसी रोड थाना क्षेत्र के आईटीएम कॉलेज के पास डबरा से ग्वालियर आ रहे बाइक सवार 3 युवकों को एक तेज रफ्तार वाहन के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी। टक्कर काफी तेज थी। हादसे के बाद आरोपी चालक भाग निकला। हादसे का पता चलते ही पास ही मौजूद अस्पताल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां पर सोनू पुत्र राजेन्द्र चौहान (गोले) निवासी शिवपुरी की मौत हो गई है, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार हेमंत व मंटू का घायल हैं उनका उपचार चल रहा है।

