भोपाल-रायसेन में बारिश, इंदौर समेत MP के 7 संभागों में गिरेगा मावठा
भोपाल. बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोन मैंडूस के असर से मध्यप्रदेश में सीजन में दूसरी बार मावठा गिरा। आज सुबह भोपाल में बूंदाबांदी और हल्की बारिश हुई। रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, जबलपुर में भी मावठा गिरा। मौसम विभाग की मानें तो आज 7 संभागों बुरहानपुर, हरदा, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर और झाबुआ में बूंदाबांदी से लेकर हल्की बारिश हो सकती है।
प्रदेश में 48 घंटे तक इसी तरह मौसम बना रहेगा। इसके बाद मौसम बदलेगा। अभी बादल होने के कारण ज्यादा ठंड नहीं है, लेकिन बादल छंटते ही दिन और रात के तापमान में तेजी से गिरावट आएगी। इससे 15 दिसंबर से अच्छी ठंड की शुरुआत हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिन के दौरान मध्यप्रदेश में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। 19 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
आज यहां हो सकती है बारिश
बुरहानपुर, हरदा, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर और झाबुआ में बारिश होगी। यहां दो दिन तक हल्की बारिश हो सकती है। इंदौर और भोपाल में भी बारिश के आसार हैं।

