प्रशासनिक अधिकारियों की नियुक्तियों का विरोध
ग्वालियर. गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय में सभी चिकित्सा शिक्षकों ने एमटीए के आव्हान पर काली पट्टी बांधकर प्रशासनिक अधिकारियों की नियुक्ति एवं कमिश्नर प्रणाली के विरोध में कार्य किया। एमटीए गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय के अध्यक्ष डॉ अविनाश शर्मा ने वर्तमान में चिकित्सा महाविद्यालयों में संभागीय कमिश्नर एवं प्रदेश स्तर पर भोपाल में कमिश्नर मेडिकल एजुकेशन के स्थान पर वरिष्ठ चिकित्सा शिक्षकों को नियुक्त किए जाने के स्वर तेज किए हैं ।
डॉ अविनाश शर्मा का कहना है कि जब पूर्व में ही संभागीय कमिश्नर एवं कमिश्नर मेडिकल एजुकेशन के रहते चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थिति बदतर होती जा रही है। उनके रहते वर्षों से चिकित्सकों की पेंशन, सातवें वेतनमान के एरियर, प्रमोशन पॉलिसी, स्थाई डीन एवं सुपरडेंट की नियुक्तियां नहीं हो पा रही हैं इन सबके बावजूद डिप्टी कलेक्टर जैसे जूनियर रैंक के अफसरों को चिकित्सा महाविद्यालय में नियुक्त किए जाने से व्यवस्थाएं और भी खराब हो जाएंगी एवं टकराव की भी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। अतः उक्त नियुक्तियों के प्रस्ताव को रद्द करते हुए वर्तमान कमिश्नर प्रणाली को समाप्त किया जाना अति आवश्यक है हम इसका हर तरीके से कड़ा विरोध करेंगे और किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। हम शासन से अनुरोध करते हैं फिर प्रशासनिक अधिकारियों की नियुक्ति के प्रस्ताव को तुरंत रद्द किया जावे।

