पुलिस जवान को गोली मारने वाला लुटेरा की गिरफ्त में, लूट के माल से अय्याशी करते थे जयपुर में
ग्वालियर. लूटते समय पुलिस जवान के रोकने पर उसे गोली मारकर फरार हुए गिरोह के तीसरे लुटेरे को पुलिस ने मैनपुरी के पास से गिरफ्तार किया हैं। गैंक गे 2 बदमाश पहले ही गिरफ्तार किये जा चुके हैं। गैंग का मास्टर माइंड यही है और पुलिस पर गोली भी इसने ही चलाई थी। इनके पकड़े जाने के बाद एक खुलासा और भी हुआ है।
पहले ब्रांडेड जूते और कपड़े खरीदते
दो से तीन घटनाओं के बाद यह लूट के माल को ठिकाने लगाकर अय्याशी करने के लिये राजस्थान के जयपुर, जोधपुर शहर में चले जाते थे और यहां महंगे क्लब, पब में बीयर पीना और मजे करना इनको अच्छा लगता था। पब में जाने से पहले ब्रांडेड जूते और कपड़े खरीदते थे। पकड़े गये तीसरे बदमाश से एक माह पूर्व इन्द्रमणि नगर में चेन लूट का खुलासा भी हुआ हैं। पुलिस ने चेन भी बरामद कर ली है।
गोला का मंदिर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि लूट का विरोध करने पर आरक्षक को गोली मारने वाले बदमाश नितिन जादौन को क्षेत्र में रेलवे पटरी के पास देखा गया था जिस पर पुलिस की तत्काल एक टीम बनाकर घेराबंदी की गयी। पुलिस को देखकर बदमाश ने भागने का प्रयास किया तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
3 लूट की घटनाओं का खुलासा
लूट की घटनाओं में पकड़़े गये आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि 14 अगस्त को उसने आकाश जादौन व केके सिकरबार के साथ 3 महिलाओं से पिस्टल अड़ाकर चेन लूटने का प्रयास किया था। गोला का मंदिर सूर्यमंदिर के पास जब वह महिला से लूट कर रहे थे तो महिला ने नकली बताकर चेन फेक दी थी। इस पर उसने हवाई फायर किया था। इसी वक्त एक पुलिस जवान (अजय भदौरिया) ने वहां आकर हमें रोकने लगा तो खुद को बचाने के लिये उसके पैर में गोली मार दी थी। चाहते तो सीने पर भी मार सकते थे। जब पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो उसने बताया कि वह घटना के बा दमजे करने के लिये राजस्थान के जयपुर, जोधपुर के लिये निकल जाते थे। पुलिस ने इसके गिरोह के 2 बदमाश साथी कृष्णा उर्फ केके सिकरबार, आकाश जादौन को गिरफ्तार कर 3 लूट की घटनाओं का खुलासा किया था।
पड़ाव पुलिस इसके दो साथी पहले ही पकड़ चुकी है
इससे पहले पकड़े गए आरोपी के दो साथी केके सिकरवार व आकाश जादौन को पड़ाव थाना पुलिस ने कांति नगर में हुई महिला से लूट के मामले में पहले ही पकड़ चुकी है। इस मामले में TI पड़ाव विवेक अष्ठाना ने बताया था कि आरोपी वारदात के बाद राजस्थान के शहरों में भाग जाते थे। वहां कुछ दिन मजे करने के बाद लौट आते थे।
इंद्रमणि नगर में हुई लूट का हुआ खुलासा
पुलिस की पकड़ में आने के बाद नितिन जादौन ने पुलिस को पूछताछ में बताया है कि उसने अपने साथियों के साथ इन्द्रमणि नगर में एक महिला से चेन खींची थी। अगले दिन अखबार में पढ़ा था कि महिला का नाम सरिता था। पुलिस ने उससे लूटी गई चेन भी बरामद कर ली है। पुलिस अफसरों का मानना है कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद अन्य शहरों की लूट की वारदातों में सुराग मिल सकता है।

