नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियां शुरू, महापौर चयन के लिए 37 मुक्त चिह्न होंगे
भोपाल. मध्य प्रदेश में विधानसभा के उपचुनाव के साथ ही नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की तैयारियां भी शुरू हो गई है। नगरीय निकाय चुनाव दिसंबर में कराए जाने की संभावना है इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने मुक्त चुनाव चिह्न घोषित कर दिए है। नगर निगम के महापौर, नगर पालिका और नगर परिषद के अध्यक्ष के लिए नल, टेबल पंखा, गुब्बारा सहित 37 चिह्न मुक्त श्रेणी में रखे है। इसी तरह पार्षदों के लिए केक, कैमरा, प्रेस, नाव सहित 31 चुनाव चिह्न मुक्त श्रेणी में रखे गए है।
चुनाव चिह्न का आवंटन (पहले आओ, पहले पाओ) के आधार पर होगा। जानकारों का कहना है कि दिसंबर में यदि चुनाव नहीं कराए जाते है तो फिर यह तीन से चार माह के लिए टल जाएंगे। 1 जनवरी 2021 को 18 साल के होने वाले मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने का काम शुरू होगा। इन्हें शामिल किए बगैर चुनाव नहीं कराए जा सकेंगे इसलिए सरकार की कोशिश यही है कि दिसंबर में चुनाव हो जाएं।
इसके मद्देनजर ही नगर पालिक विधि अधिनियम में संशोधन के लिए अध्यादेश जारी किया गया है इसके तहत चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से ही कराए जाएंगे। आयोग ने तय किया है कि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के लिए आरक्षित चुनाव चिह्नों को छोड़कर बाकी मुक्त श्रेणी में रखे गए हैं।

