पूर्व मंत्री बालेंदु शुक्ला व भगवान सिंह यादव हुए घायल, अस्पताल में भर्ती
ग्वालियर. डबरा में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की चुनावी सभा में शामिल होने जा रहे कांग्रेसी नेताओं का वाहन मोड पर सड़क पार कर रहे कुछ ग्रामीणों को बचाने के फेर में डिवायडर पर चढ़कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री बालेंदु शुक्ला और भगवान सिंह यादव घायल हो गए। जैसे ही हादसा हुआ उसी दौरान पीछे चल रहे वाहन में बैठे अन्य कांग्रेसियों ने वरिष्ठ नेताओं को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार हादसे में पूर्व मंत्री यादव और शुक्ला को ज्यादा चोटें लगी है, डबरा में आयोजित होने वाली सभा में सुबह के समय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वाहन में सवार होकर रवाना हुए थे। जैसे ही वाहन सिमरिया टेकरी पर पहुंचे तो टेकरी पर कुछ गांव के लोग सड़क पार कर दूसरी तरफ जा रहे थे मोड पर वह दिखे नहीं। जैसे ही चालक को लोग दिखे तो उन्हें बचाने के चक्कर में चालक रामू शर्मा ने वाहन को डिवायडर पर चढ़ा दिया। इससे लोग तो चपेट में आने से बच गए लेकिन वाहन में बैठे नेताओं को कार डिवायडर पर चढ़ने से गंभी चोटें आईं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बालेंदु शुक्ला ने बताया कि हम वापस लौट रहे है, घायलों को जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलने पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी भी ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए।

