नगरपालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठा अध्यक्ष का सुपुत्र, पार्षदों ने पहनाई मालायें, सीएमओ बोले-यह अधिकार सिर्फ अध्यक्ष को हैं
दतिया. नगरपालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर उनके बेटे को बैठे हुए देखा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटना ने महिलाओं के प्रतिनिधित्व पर सवाल खड़े कर दिये है। दतिया नगर पालिका की अध्यक्ष शांतिप्रकाश ढेंगुला है। उनके बेटे प्रशांत ढेंगुला को हाल ही में नगर परिषद संघ का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जब प्रशांत ढेंगुला पहली बार नगरपालिका पहुंचे तो पार्षदों ने उनका फूलमालाओं से स्वागत किया गया। इस बीच प्रशांत ढेंगुला नगरपालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर विराजमान नजर आये।
महिलाओं को 40% आरक्षण नगरीय निकायों में है
राज्य सरकार ने नगरीय निकायों में महिलाओं के लिये 40% से ज्यादा आरक्षण दिया है। लेकिन वास्तविकता में महिलायें केवल नाम की अध्यक्ष बनी हुई है। जबकि वास्तविक नियंत्रण उनके परिवार के पुरूष सदस्यों के हाथों में है। इस घटना ने एक बार फिर से महिलाओं के प्रतिनिधित्व पर प्रश्न खड़े कर दिये है।
दतिया नगरपालिका के सीएमओ नागेन्द्र गुर्जर ने स्पष्ट किया है कि अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठने का अधिकार केवल निर्वाचित अध्यक्ष को है। जब इस मामले में प्रशांत ढेंगुला से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।
नियमों का उल्लंघन
मध्य प्रदेश नगरपालिका अधिनियम 1961 के अनुसार, कोई भी अधिकारी अपना प्रतिनिधि नियुक्त नहीं कर सकता और न ही कोई अन्य व्यक्ति अध्यक्ष की सीट पर बैठ सकता है। ऐसे में प्रशांत ढेंगुला का अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठना नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।

