नंगे पैर खुदी सड़कों को देखने पहुंचे सिंधिया समर्थक मंत्री प्रद्युम्नसिंह तोमर
ग्वालियर. सड़कों को लेकर राजनीति खत्म होती नजर नहीं आ रही है। 2 दिन पूर्व सिंधिया समर्थक ऊर्जामंत्री प्रधुम्नसिंह तोमर ने शहर की 3 प्रमुख सड़़कों को लेकर जूते-चप्पल त्याग दिये थे। इस पर विपक्षी दलों ने उनको घेरा था और जते की जगह पद त्यागने की बात कहीं थी, पर ऊर्जामंत्री तोमर अपने इसी अनोखे अंदाज के लिये जाने जाते हैं। रविवार की सुबह वह भोपाल से लौटते ही घर न जाते हुए सीधे लक्ष्मण तलैया, गेंडेवाली सड़क व सेवानगर की सड़कों पर निरीक्षण करने पहुंच गये।
यहां उन्होंने 5 दिवसीय दीवाली उत्सव की लोगों को शुभकामनायें दी। यहां लोगों ने सुबह-सुबह मंत्री जी को देखते ही अपनी समस्यायें गिनाना भी शुरू कर दी। यहां ऊर्जामंत्री तोमर ने लोगों को आश्वासन दिया है कि जल्द सड़क बनेगी।
कांग्रेस ने तो मांग लिया था इस्तीफा
कांग्रेस ने तो यहां तक कह दिया कि यह ऊर्जा मंत्री की असफलता ही है कि अपनी सरकार होने के बाद भी वह सड़क नहीं बनवा पा रहे हैं। न सरकार उनकी सुन रही है न अधिकारी। इसलिए अब वह जूते नहीं बल्कि पद छोड़ दें। इस तरह की नौटंकी से अब वह जनता को मुर्ख नहीं बना सकते।
भोपाल से लौटते ही सड़कें देखने पहुंचे
सड़कों पर मंत्री ने जूते तो छोड़ दिए, लेकिन उनसे गलती हो गई। यह बात उनको तब समझ में आई जब स्मार्ट सिटी के सुप्रीडेंट इंजीनियर ने बताया कि सड़क बनाने में लगभग 3 महीने का समय लगेगा। इसके बाद ऊर्जा मंत्री सीधे भोपाल रवाना हो गए थे। रविवार सुबह वह भोपाल से लौटे तो घर न जाते हुए इन तीनों सड़कों पर दो दिन में हुए काम को देखने पहुंच गए। यहां उन्होंने क्षेत्र की जनता से मुलाकात की और उनकी समस्याएं भी सुनी।

