देर रात को इंदरगंज, कोतवाली आईजी ने किया चेक, एसएसपी, एएसपी पहुंचे थाने, आईजी इंदरगंज से नाखुश तो कोतवाली से खुश हुए

ग्वालियर. देर रात को पुलिस अलर्ट मोड में आ गयी और अचानक आईजी, एसएसपी, एएसपी ने थानों का औचक निरीक्षण किया है। आईजी अरविंद सक्सेना इंदरगंज और कोतवाली थाने पहुंचे तो एसएसपी धर्मवीर सिंह देहात में गिजोर्रा थाने पहुंचे गये। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात को आराम की मुद्रा में आये पुलिसकर्मी अधिकारियों को देखकर तत्काल अलर्ट मोड में आ गये। इन्दरगंज थाना पहुंचे आईजी सक्सैना को वहां कचरा मिला।
थाने के स्टाफ रूम से लेकर हथियार घर तक अव्यवस्थित मिले। आईजी के मुंह से अनायास ही निकल गया ’नोट गुड‘ इसके बाद थाना प्रभारी को रिकॉर्ड से लेकर सफाई तक की चेतावनी दी गयी। इंदरगंज के बाद आजी अरबिंद सक्सैना कोतवाली पहुंचे तो थाना परिसर में छोटा-बगीचा देखकर खुश हुए। अन्दर रिकॉर्ड रूम से लेकर ड्यूटी रूम व्यवस्थित मिले। जिस पर थाना प्रभारी मोहिनी मिश्रा और उनकी टीम को 10 हजार रूपये नगद दिया गया है।
बिल्डिंग के लिए पहुंचाएं प्रपोजल
यहां पर थाने की पुरानी बिल्डिंग होने पर उन्होंने थाना प्रभारी को नई बिल्डिंग के लिए प्रपोजल बनाकर भिजवाने को कहा। जिससे यहां पर नई बिल्डिंग का निर्माण कराया जा सके। साथ ही थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि उनके थाना क्षेत्र से दतिया का रास्ता जाता है तो यहां से माइनिंग के वाहन निकलते हैं, इसलिए उनके क्षेत्र में गुण्डे नहीं पनपने चाहिए।
इंदरगंज में मिला कचरा
आईजी ग्वालियर अरविन्द सक्सेना सबसे पहले इंदरगंज थाने पहुंचे और यहां के हालात देखकर नाराज हुए। यहां पर साफ-सफाई दिख ही नहीं रही थी। विवेचक कक्ष भी अस्त-व्यस्त थे और नक्शे व अन्य दस्तावेज प्रॉपर नहीं दिखे। जिस पर आईजी ने थाना प्रभारी को चेतावनी दी है कि जल्द इसमें सुधार करें। यहां पर सुधार की सबसे ज्यादा जरूरत है। मालखाना और शस्त्रागार भी व्यवस्थित नहीं था। यहां पर भी गंदगी मिली है। करीब एक घंटे के निरीक्षण में आईजी को थाना प्रभारी की कोई भी कार्रवाई संतुष्ट नहीं कर सकी। उन्होंने चेतावनी दी है कि जल्द सब ठीक करा लीजिए, नहीं तो कार्रवाई की जाएगी।
किस पुलिस अधिकारी ने कहां किया निरीक्षण
आईजी और एसएसपी के साथ ही एएसपी देहात निरंजन शर्मा ने आंतरी थाना, एएसपी पूर्व कृष्ण लालचंदानी ने यूनिवर्सिटी थाना, एएसपी सुमन गुर्जर ने ग्वालियर थाना, सीएसपी महाराजपुरा नागेन्द्र सिकरवार ने पुरानी छावनी थाना, सीएसपी यूनिवर्सिटी ने झांसी रोड थाना, सीएसपी कोतवाली मनीष यादव ने माधौगंज थाना, सीएसपी ग्वालियर किरण अहिरवार ने बहोड़ापुर थाना, सीएसपी इंदरगंज रॉबिन जैन ने कंपू थाना, डीएसपी ग्रामीण ने बिलौआ थाना, सीएसपी मुरार ने गोला का मंदिर थाना, एसडीओपी भितरवार जितेंद्र ने चीनौर थाना और एसडीओपी घाटीगांव शेखर दुबे ने मोहना थाना का निरीक्षण किया।

