दिवाली पर MP में बारिश, जबलपुर, शहडोल, रीवा-सागर में बारिश का अलर्ट
भोपाल. दशहरे के बाद अब दिवाली भी बारिश के बीच मन सकती है। बंगाल की खाड़ी में एक सिस्टम एक्टिव हुआ है। यह सिस्टम दिवाली के दिन मध्यप्रदेश के कई जिलों को भिगो सकता है। खासकर जबलपुर, शहडोल, रीवा और सागर संभाग में हल्की बारिश का अलर्ट है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो भोपाल में दीवाली बादलों के बीच मन सकती है। इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर में मौसम साफ रहेगा। मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि 21 अक्टूबर से बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती सिस्टम एक्टिव हुआ है। इसका प्रभाव छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्यप्रदेश में पड़ सकता है। यह सिस्टम 25 अक्टूबर तक रहेगा। इससे शहडोल, जबलपुर, रीवा और सागर संभाग में हल्की बारिश हो सकती है। बाकी शहरों में बादल छाए रहेंगे।
पोस्ट मानसून की बारिश
मौसम वैज्ञानिक पांडे के अनुसार, मुख्य मानसून की विदाई हो चुकी है। 25 अक्टूबर तक पोस्ट मानसून एक्टिव रहेगा, हालांकि, उसका असर पूरे प्रदेश पर नहीं रहेगा।

