दाऊद के गुर्गे की पत्नी ने क्रिकेटर हार्दिक पंड्या और मुनाफ पटेल पर रेप आरोप लगाया
नई दिल्ली. दाऊद इब्राहिम के कथित गुर्गे रियाज भाटी की पत्नी ने अपने पति और देश के कई हाईप्रोफाइल लोगों के खिलाफ रेप का आरोप लगाया है। उन्होंने मुंबई के सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में 24 सितंबर को एक शिकायत दर्ज करवाई है। हालांकि पुलिस ने अब तक उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की है। महिला ने जिन लोगों पर आरोप लगाया है, उनमें क्रिकेटर मुनाफ पटेल और हार्दिक पंड्या, कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला और पृथ्वीराज कोठारी नाम का शख्स शामिल है। महिला ने अपनी शिकायत में चारों के नाम के साथ किसी जगह का नाम या तारीख का जिक्र नहीं किया है, जहां उनके साथ रेप हुआ।
पुलिस पर केस दर्ज न करने का आरोप
रियाज की पत्नी ने पंड्या और पटेल की पहचान, जहां क्रिकेटर के तौर पर बताई है, वहीं शुक्ला को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड का पूर्व अध्यक्ष बताया है। अपनी अर्जी में उसने कोठारी के बारे में कोई ब्यौरा नहीं दिया है। उन्होंने एक मीडिया संस्थान को बताया कि वह सराफा कारोबारी है।
उसने कहा कि मैं पुलिस के पास एफआईआर दर्ज कराने की कोशिश कर रही हूं, लेकिन वे ऐसा नहीं कर रहे हैं। मैंने सितंबर में अर्जी दी थी, लेकिन अब नवंबर हो चुका है। मैंने कई बार इस पर पुलिस अधिकारियों से जानकारी पाने की कोशिश की। मुझे इसके बदले में कुछ पैसे देने को कहा गया था, लेकिन मैं भ्रष्टाचार क्यों फैलाऊं मैं अपनी जगह पर सही हूं। अपराधी तो वो लोग हैं। मुंबई पुलिस ने भी माना है कि एक अर्जी आई तो है, लेकिन उन्होंने कहा कि उनके पास फिलहाल कोई और ब्यौरा नहीं है।

