तहसीलदार को जिंदा जलाने की कोशिश, पेट्रोल डाला, जान बचाकर भागी टीम
राजगढ़. MP में तहसीलदार को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना राजगढ़ जिले के पचोर की है। अतिक्रमण हटाने गए तहसीलदार सहित नगरपालिका अमले पर भाजपा नेता ने पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की। नेता ने पहले तहसीलदार पर पेट्रोल डाला फिर पूरे अमले पर भी पेट्रोल उछाल दिया। मौका मिलते ही पूरा अमला और अधिकारी जान बचाकर वहां से भाग गए। भाजपा नेता ने घर में अतिक्रमण करके रखा था।
रोड पर कई लोगों ने किया अतिक्रमण
दरअसल, पचोर में इन दिनों सड़क निर्माण का काम चल रहा है। जिसके लिए शिवलाय रोड पर अतिक्रमण हटाने का काम भी जारी है। भाजपा नेता भगवान सिंह राजपूत का घर इसी रोड पर है। राजपूत ने भी यहां अतिक्रमण किया हुआ था। इसी को हटाने के लिए तहसीलदार राजेश सोरते और CMO पवन मिश्रा नगरपालिका के अमले के साथ पहुंचे थे। तहसीलदार ने जब भाजपा नेता के घर का अतिक्रमण हटाने के लिए कहा, तो वे गुस्सा गए। उन्हें समझाने की कोशिश की गई। तो गुस्साए नेता ने पेट्रोल से भरी बॉटल लाकर तहसीलदार पर उड़ेल दी बाद में भाजपा नेता ने पूरे अमले पर भी पेट्रोल फेंक दिया।
तहसीलदार बोले आरोपियों पर कार्रवाई हो
तहसीलदार राजेश सरोते का कहना है कि मैं टीम के साथ अतिक्रमण हटाने गया था। इसी बात पर भगवान सिंह पेट्रोल की बॉटल लाया और मुझ पर और अमले पर पेट्रोल छिड़क दिया। हमने थाने में शिकायत की है। जल्द ही भाजपा नेता पर कार्रवाई होना चाहिए।

