कावंडियों पर अज्ञात युवकों ने सरियों -हथौड़े से किया हमला, 2 हालत गंभीर, थाने के बाहर चक्काजाम तब हुई FIR
ग्वालियर. हरिद्वार कांवड लेने जा रहे युवकों पर हुए हमले के बाद गुरूवार की रात तनाव की स्थिति बन गयी थी। मामूली वाहन टकराने के विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। यह आरोप है कि दूसरे पक्ष के युवकों ने लाठी, डंडे, सरिये और हथौड़ों से अटैक कर दिया। जिसमें 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद एफआईआर दर्ज करने में देरी का आरोप लगाते हुए कांवडि़यों के सार्थियों और कुछ संगठनों ने बहोड़ापुर थाने के सामने चक्काजाम करते हुए प्रदर्शन किया है।
वाहन की टक्कर के बाद हिंसक रूप लिया
घटना गुरूवार की रात लगभग 8.30 बजे किला गेट थाना इलाके के घासमंड़ी की है। ग्वालियर से हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे 4-5 युवक रास्ते में थे। इस बीच वाहन टकराने की बात को लेकर उनका दूसरे पक्ष के कुछ लड़कों से विवाद हो गया। आरोप यह है कि विवाद बढ़ने पर लगभग 8-10 यवकों ने हथियारनुमा वस्तुओं से अटैक कर दिया।
घटनास्थल से फरार हुए हमलावर
घटना के बाद घटनास्थल से हमलावर फरार हो गये। पीडि़त पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की है। इससे नाराज कांवडि़यों के साथ और कुछ हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ता बहोड़ापुर थाने के सामने पहुंच गये और सड़क पर चक्काजाम कर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन की वजह से काफी देर तक यातायात बाधित रहा और वाहनों की लम्बी लाइन लग गयी।
पुलिस कर रही आरोपीयों की गिरफ्तारी के प्रयास
इस मामले में जानकारी देते हुए बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट की घटना हुई थी, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। शिकायत मिलने पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

