डबरा में हुई लूट में फरार 3 आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई रकम में से अभी तक 26 लाख रूपये किये बरामद
मौ जिला भिण्ड से दो फरार लुटेरों को पकड़कर 14 लाख रूपये व एक कट्टा मय राउण्ड के किया बरामद।
एक आरोपी को डबरा पुलिस द्वारा दो दिन पूर्व पकड़ा जा चुका है जिस से लूटी गई रकम में से 5 लाख 50 हजार रूपये व एक कट्टा मय राउण्ड के जप्त किया गया।
ग्वालियर। 22 नवम्बर थाना डबरा क्षेत्र के व्यस्ततम ठाकुर बाबा रोड पर दिनदहाड़े गल्ला व्यापारी पर गोलियां चलाकर बाइक सवार बदमाश 35 लाख रुपए लूट ले गए थे। लुटेरों ने लूट की वारदात को अंजाम उस समय दिया, जब गल्ला व्यापारी अपने सहयोगी के साथ बैंक से 35 लाख रुपए निकालकर घर लौट रहा था। उक्त लूट की बारदात को गंभीरता से लेते हुए ADGP ग्वालियर जोन डी.श्रीनिवास वर्मा, एवं पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, द्वारा घटनास्थल पर जाकर जायजा लिया था और उक्त लूट की घटना का शीघ्र पर्दाफाश कर लुटेरों की गिरफ्तारी हेतु अति.पुलिस अधीक्षक राजेश डण्डोतिया एवं अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जयराज कुबेर को टीमें बनाकर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया था। उक्त लूट की घटना के शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी व लूटी गई रकम की बरामदगी हेतु पुलिस अधिकारियों सहित क्राईम ब्रांच, पुलिस की एक दर्जन टीमें लगातार कार्यवाही कर रहीं थीं।
DSP अपराध ऋषिकेश मीणा, SDOP डबरा विवेक कुमार शर्मा की टीमें लगातार लूट की घटना के आरोपियों को पकड़े हेतु उनके छिपने के संभावित स्थानों पर दबिश दे रहीं थी। इसी क्रम में 3 दिसम्बर को पुलिस अधीक्षक को सूचना प्राप्त हुई कि विगत दिनों डबरा में हुई लूट की घटना के फरार आरोपियों को थाना मौ जिला भिण्ड क्षेत्रान्तर्गत देखा गया है। उक्त सूचना पर से क्राईम ब्रांच की टीमों को भिण्ड पुलिस से समन्वय स्थापित कर उक्त सूचना की तस्दीक कर फरार आरोपियों को पकड़ने हेतु भेजा गया। क्राईम ब्रांच ग्वालियर की टीमों द्वारा भिण्ड क्राईम ब्रांच की टीम के साथ मिलकर मौ जिला भिण्ड से उक्त घटना में फरार 2 आरोपियों को धरदबोचा। पकड़े गये आरोपियों ने पूछताछ में विगत दिनों डबरा में हुई लूट की घटना करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशादेही पर लूटी गई रकम में से 14 लाख रूपये व एक कट्टा मय राउण्ड के बरामद कर लिये गये हैं। लूटी गई शेष रकम बरामदगी हेतु फरार शेष आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
ज्ञात हो कि डबरा लूट की घटना में फरार एक मुख्य आरोपी को 2 दिवस पूर्व पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर से ग्राम खुजूरियाई थाना डबरा देहात से गिरफ्तार किया गया था। पकड़े गये आरोपी से पुलिस टीम द्वारा विस्तृत पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपने साथियों सहित उक्त लूट की घटना करना स्वीकार किया। पकड़े गये आरोपी के पास से पुलिस टीम द्वारा लूटे गये रूपयों में से 05 लाख 50 हजार रूपये व एक कट्टा मय राउण्ड के जप्त किया गया। पकड़े गये आरोपी द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर थाना पिछोर में व्यापारी के साथ, थाना चीनोर में फायनेंस कंपनी के एवं थाना घाटीगांव क्षेत्र में अर्टिका कार की लूट करना भी स्वीकार किया है। मौ से पकड़े गये लुटेरों से 14 लाख रूपये व एक कट्टा मय राउण्ड, डबरा देहात क्षेत्र से पकड़े गये लुटेरे से 5 लाख 50 हजार रूपये व एक कट्टा मय राउण्ड ।
डबरा में हुई लूट में क्राइम ब्रांच के दिनेश तोमर, महिला हैड कांस्टेबल अर्चना कंसाना, प्रदीप यादव, भानु कुशवाह और श्याम शर्मा आदि ने लूट की रकम और आरोपियों को दबोचने में कामयाबी हासिल की।

