चेतकपुरी में चाबी बनाने वाले दो सरदार ने लॉकर से डेढ़ लाख निकाल ले गए, दो दिन बाद पता लगा
ग्वालियर. अलमारी का लॉक ठीक करने के लिए गली से गुजरते चाबी बनाने वाले दो सरदारों को बुलाना एक व्यवसायी को महंगा पड़ गया। लॉकर से डेढ़ लाख रुपए कैश चोरी करने के बाद उसमें चाबी फंसाकर दोनों सरदार यह कह कर चले गए कि अगले दिन पूरे औजार लेकर आएंगे और लॉक ठीक कर जाएंगे। इसके बाद वह लौटे ही नहीं। घटना गुरुवार शाम की है। पर जब चाबी बनाने वाले लौटे ही नहीं तो व्यवसायी ने शनिवार शाम को अलमारी को खोला। लॉकर हाथ लगाते ही खुल गया। उन्होंने देखा तो उसमें रखे 1.5 लाख रुपए चोरी हो चुके थे। इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। झांसी रोड थाना पुलिस ने जांच करने के बाद शनिवार रात चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
चाबी बनाने के दौरान लॉकर में रखे डेढ लाख निकाल लिए
दोनों युवकों ने चाबी बनाने के दौरान अलमारी के लॉकर में रखे डेढ लाख रुपए निकाल लिए। फिर अलमारी को बंद करके उसके लॉक में एक टूटी चाबी फंसा दी। इसके बाद रामचन्द्र से कहा कि अगले दिन आएगे तब लॉकर को सुधार देंगे। तब तक अलमारी मत खोलना। अगले दिन वह इंतजार करते रहे लेकिन वह नहीं आए। इसके बाद जब वह शनिवार को भी नहीं आए तो शाम को जब रामचन्द्र ने अलमारी खोली तो उसमें से रुपए गायब थे। इसके बाद उनको समझते देर नहीं लगी कि उनके साथ ठगी हुई है। इसके बाद वह झांसी रोड थाने पहुंचे और एफआईआर दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे दोनों ठग
जब पुलिस ने कॉलोनी में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो उन कैमरों की सीसीटीवी फुटेज में दोनों सरदार ठग दिख गए। वारदात को अंजाम देने के बाद वह चेतकपुरी की तरफ जाते दिखे हैं। पहले भी इस तरह की वारदात हुई हैं, जिनमें सरदार का रूप धारण कर आए चाबी बनाने वाले युवक वारदात को अंजाम दे गए हों। पुलिस ने फुटेज को लेकर ठगों की तलाश शुरू कर दी है। झांसी रोड थाना प्रभारी संजीव नयन शर्मा का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।

