ग्वालियर में मैरिज गार्डनों से 9 दिन में 23 वाहन चोरी
ग्वालियर. शहर के मैरिज गार्डन वाहन चोरों के निशाने पर हैं। सुरक्षा से लेकर सजावट तक के नाम पर लाखों रुपये वसूलने वाले मैरिज गार्डन संचालक सुरक्षा का दिखावा तो करते हैं, लेकिन यहां सुरक्षा के इंतजाम सिर्फ नाम के हैं। यही वजह है शहर में बीते 9 दिन में मैरिज गार्डन की पार्किंग और शादी समारोह स्थल के बाहर से ही 23 गाड़ियां चोरी हो चुकी हैं। इसलिए सावधान रहें, कहीं ऐसा न हो कि आप किसी की खुशियों में शामिल होने जाएं और आपकी मेहनत की कमाई से खरीदी गई गाड़ी वाहन चोरों के हाथ लग जाए। 21 से 29 जनवरी के बीच शहर में हुई वाहन चोरी की घटनाओं की पड़ताल की। इसमें यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि जब से शादियों का मौसम शुरू हुआ, तब से शहर के मैरिज गार्डन और शादी समारोह आयोजन स्थल के बाहर से चोरों ने ताबड़तोड़ गाड़ियां चोरी की।
खास बात तो यह है, लगातार वाहन चोरी की घटनाएं होने पर पुलिस भी सिर्फ एफआइआर लिखकर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान रही है। एक भी वाहन चोर पुलिस नहीं पकड़ पाई। शहर में कड़ी सुरक्षा और हर चौराहे पर चेकिंग के दावों की भी पोल वाहन चोरी की इन घटनाओं ने पोल खोल दी। दो पहिया वाहन चोरी : शहर के मैरिज गार्डन की पार्किंग से जितनी भी वाहन चोरी हुए, वह दो पहिया ही हैं। इससे स्पष्ट है- शहर में दो पहिया वाहन चोरी करने वाली गैंग सक्रिय है, लेकिन पुलिस का इस तरफ ध्यान ही नहीं है। इस कारण यहां से वाहन चोरी हो रहे हैं। विश्लेषण: पड़ताल में सामने आया कि मैरिज गार्डन, हास्पिटल, बैंक यह ऐसे स्पाट हैं, जहां जल्दबाजी में लोग जाते हैं। यहीं से सबसे ज्यादा गाड़ियां चोरी होती हैं। मैरिज गार्डन संचालकों की तय हो जवाबदेही : जानकारों का कहना है िक जब मैरिज गार्डन संचालक लाखों रुपये वसूलते हैं तो पार्किंग में वाहनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उन्हीं की है। इनकी जवाबदेही तय होनी चाहिए, इसके बाद ही इस तरह की वारदातें रोकने के लिए यह लोग कुछ विशेष इंतजाम करेंगे।

