निगम कर्मचारी कर रहे अवैध वसूली, 10 की जगह ले रहे 30 रुपए
ग्वालियर. नगर निगम सीमा क्षेत्र के भैस मंडी व गुडागुडी क्षेत्र के पास प्रत्येक रविवार को लगाए जाने वाले फड़, फुटपाथी व दुकानदारों से निगम कर्मचारी द्वारा अवैध वसूली की जा रही है। कर्मचारी द्वारा न तो इन दुकानदारों को शुल्क की कोई रसीद दी जा रही है और ना ही इनसे तय किए गए 10 रुपए लिए जा रहे हैं। उल्टा 10 रुपए की जगह 30 रुपए लिए जा रहे हैं। इससे दुकानदारों में आक्रोश पनप रहा है। वहीं नगर निगम को भी राजस्व वसूली में हानि पहुंच रही है।
रसीद मांगने पर करने लगते है मारपीट
दुकानदार राजेंद्र, पप्पू व राजाबेटी सहित अन्य ने बताया कि वह प्रत्येक रविवार को भैस मंडी के सामने फड़ लगाते हैं। लेकिन ठेकेदार व निगम के कर्मचारियों द्वारा उनसे 10 रुपए की जगह 30 रुपए लिए जाते हैं। इतना ही नहीं रसीद मांगने पर वह विवाद करने लगते हैं और सामान फेंकने की धमकी भी देते हैं। उन्होने बताया कि यदि इनसे कहा जाए कि निगम की ओर से 10 रुपए लिए जाते हैं और उसकी रसीद दी जाती है तो अब आप क्यो नहीं दे रहे हैं तो वह मारपीट पर उतारू हो जाते हैं।
300 से ज्यादा लगते हैं फड़
भैस मंडी में फड़ लगाने वाले रमेश रजक, राजेंद्र ङ्क्षसह, गनपत राय, हरीश ङ्क्षशदे और राजेंद्र सहित अन्य ने बताया कि प्रत्येक रविवार को भैस मंडी में करीब 300 से अधिक फड़ लगाए जाते हैं। यहां सब्जी, दाल, खाने-पीने का सामान सहित अन्य सामान सस्ती दरों पर बेचा जाता है। लेकिन नगर निगम के कर्मचारी द्वारा हमसे 30 रुपए ले लिए जाते हैं और उनकी रसीद भी नहीं दी जाती है।

