ग्वालियर में बदमाश को घेरकर गोली मारने वाले आरोपितों के घर चलेगा बुलडोजर
ग्वालियर. झांसी रोड इलाके में निगरानीशुदा बदमाश को घेरकर गोली मारने वाले आरोपितों के घर बुलडोजर चलेगा। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है, तीनों के मकान सरकारी जमीन को घेरकर बनाए गए हैं। इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र लिख दिया गया है। उधर आरोपित अभी तक पकड़े नहीं जा सके हैं। इनकी तलाश में भी पुलिस लगी हुई है।
ढाबे पर खा रहा था खाना, मार दी गोली
झांसी रोड थाने से करीब 500 मीटर आगे पंडित ढाबे पर निगरानीशुदा बदमाश संजू पाल खाना खा रहा था। इसी दौरान कृष्णा पारदी, काऊ पारी और मुकेश ने मारपीट कर उसे गोली मार दी। झांसी रोड इलाके में सरकारी जमीन पर संजू पाल प्लाटिंग कर रहा है। इसी को लेकर इनके बीच विवाद चल रहा है। इसी विवाद में गोली मारी गई है। झांसी रोड थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव ने बताया कि जब आरोपितों के मकान की पड़ताल करवाई गई तो सामने आया कि देवघर पहाड़ी पर इन लोगों ने सरकारी जमीन घेरकर मकान बनाए हैं। मकान अवैध हैं, इसलिए इनके मकान पर बुलडोजर चलाया जाएगा।
बदमाशों में हो खौफ, इसलिए अब अवैध मकान राडार पर
बदमाशों में पुलिस का खौफ हो, इसलिए अब उनके अवैध मकान पुलिस के राडार पर हैं। इससे पहले दुष्कर्म और डकैती के मामले में कोर्ट से फरार हुए आरोपितों के घर पुलिस का बुलडोजर चला। अब झांसी रोड इलाके में गोली चलाने वालों के घर पर बुलडोजर चलाने की तैयारी है।

