ग्वालियर में जिन अफसरों के समय तलघर बने हाईकोर्ट ने उन अफसरों के नाम मांगे
ग्वालियर. हाईकोर्ट की फटकार के बाद निगम प्रशासन अवैध तलघरों के खिलाफ कार्रवाई करता है। तुड़ाई के बाद फोटो खींचकर अदालत में पालन प्रतिवेदन रिपोर्ट प्रस्तुत कर फिर चुप्पी साध ली जाती है, यह स्थिति फिर सामने आई है। निगम प्रशासन ने एक पखवाड़े में टोपी बाजार, गोला का मंदिर और फालका बाजार में अवैध तलघरों की दीवारें ढहाई फिर मौन साध लिया।
मदन कुशवाह की विचाराधीन याचिका पर हाईकोर्ट ने नगर निगम से अवैध तलघरों की सूची मांगी थी। निगम प्रशासन ने शहर में 938 अवैध तलघरों की सूची सौंपी थी। हाईकोर्ट ने उनके खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए है। पिछले 3 साल से इसी आदेश पर अवैध तलघरांे के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है लेकिन इसमें दिखावा ज्यादा हो रहा है। अदालत में सुनवाई से पहले निगम प्रशासन 5 से 7 अवैध तलघरों पर कार्रवाई करता है और फोटो खींचकर हाईकोर्ट में प्रस्तुत कर देता है। इस मनमानी पर हाईकोर्ट की सख्ती बरकरार है। हाईकोर्ट ने उन अधिकारियों के नाम भी मांगे है जिनके समय तलघरों का निर्माण हुआ था, हाईकोर्ट ने पिछली सुनवाई में भी नगर निगम को सख्त हिदायत दी थी।

