ग्वालियर में कोरोना का खतरा, स्वास्थ्य विभाग में अलर्ट
ग्वालियर. कोरोना का एक बार फिर से खतरा मंडराने लगा है। स्वास्थ्य विभाग ने इससे निपटने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। जयारोग्य चिकित्सालय सहित जिले में जहां भी ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए थे वह ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। इन प्लांट में प्रेशर ठीक नहीं बन रहा है। इसकी वजह जब से ये प्लांट लगाए गए हैं तब से इनकी सर्विस नहीं हुई है। ऑक्सीजन प्लांट की सर्विस हो सके इसके लिए शासन को पत्र लिखा गया है।
देश में एक बार फिर से कोरोना का संकट गहराने लगा है। प्रदेश में जनवरी से लेकर अबतक कोरोना के 5 मरीज मिल चुके हैं, जिनमें से एक की मौत हो चुकी है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में जिले भर के सरकारी अस्पतालों में लगे ऑक्सीजन प्लांटों की जांच कराई गई तो अधिकांश में तकनीकी खामियां सामने आई हैं।
जयारोग्य चिकित्सालय समूह की बात करें तो यहां हजार बिस्तर के अस्पताल में 2 ऑक्सीजन प्लांट हैं। इसी तरह ट्रॉमा सेंटर, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी विभाग में एक-एक प्लांट हैं। इनकी पिछले दिनों जांच कराई गई तो सभी प्लांट ठीक से काम करते हुए नहीं पाए गए। इसलिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से ऑक्सीजन प्लांटों को ठीक कराए जाने के लिए भोपाल पत्र लिखा गया है। इसी तरह जिला अस्पताल मुरार, सिविल अस्पताल हजीरा, मोहना और हस्तिनापुर में ऑक्सीजन प्लांट हैं। इनमें से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहना और हस्तिनापुर के ऑक्सीजन प्लांट कभी चले ही नहीं। जिला अस्पताल मुरार का ऑक्सीजन प्लांट पूरी क्षमता से ऑक्सीजन नहीं बना रहा है। सिविल अस्पताल हजीरा का प्लांट खराब है।

