ग्वालियर में कोचिंग स्टूडेंट को साथियों ने सड़क पर पटका, फिर दौड़ा-दौड़ाकर मारा
ग्वालियर. 45 डिग्री तापमान में रोड पर पटककर एक स्टूडेंट को पीटा गया। मौके पर मौजूद कार ड्राइवर ने मारपीट का VIDEO बनाकर वायरल कर दिया। इसमें 4 से 5 आरोपी, छात्र को बेल्ट से और लात-घूंसों से पीटते दिखाई दे रहे हैं। VIDEO पड़ाव क्षेत्र में चौहान क्रेन के पास कोचिंग सेंटर से कुछ दूर का बताया जा रहा है। झगड़े की वजह एक लड़की को लेकर बताई जा रही है।
ग्वालियर पड़ाव क्षेत्र में तानसेन नगर रोड पर एक प्राइवेट कोचिंग है। यहां डबरा का रहने वाला छात्र पढ़ने के लिए आता है। इसी कोचिंग में शहर के लोहा मंडी में रहने वाले दूसरे छात्र भी पढ़ने आते हैं। डबरा का छात्र कोचिंग से बाहर निकला तो वहां लोहा मंडी के छात्रों ने उसे घेर लिया। आरोपियों में से कुछ ने बेल्ट उतारे और छात्र को पीटना शुरू कर दिया। पहले सड़क पर पटककर और फिर दौड़ा-दौड़ाकर उसे पीटा। छात्र ने दौड़कर एक बिल्डिंग में छुपकर अपनी जान बचाई।
CSP विजय सिंह भदौरिया का कहना है कि छात्रों के दो गुटों के बीच कोचिंग के बाहर विवाद हुआ था। छात्रों के गुट ने एक छात्र के साथ मारपीट की। वजह किसी लड़की को लेकर बताई जा रही है। VIDEO के आधार पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

