ग्वालियर में SAF जवान की पत्नी ने सहारा कंपनी पर कराई FIR
ग्वालियर. सहारा कंपनी के प्रमुख सुब्रत राय सहित 8 लोगों पर SAF जवान की पत्नी ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। सहारा कंपनी के नाम पर एजेंट्स ने जवान को कम समय में रुपए डबल करने का झांसा देकर 3.05 लाख रुपए ठगे हैं। घटना कंपू नया बाजार स्थित सहारा कंपनी दफ्तर की है। जवान की मौत हो चुकी है। नियत समय के बाद भी जब पैसे वापस नहीं मिले तो ठगी की शिकार जवान की पत्नी ने कंपू थाना में शिकायत की। पुलिस ने उनकी शिकायत पर सहारा प्रमुख सुब्रत राय, उनकी पत्नी सहित आठ के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
2015 में 3 लाख 5 हजार 322 रुपए जमा कराए थे
कंपू थाना स्थित 13 बटालियन निवासी मीना पत्नी रविन्द्र सिंह ने शिकायत की है कि उनके पति SAF जवान थे और उन्होंने वर्ष 2015 में सहारा कंपनी नया बाजार में तीन साल के लिए 3 लाख 5 हजार 322 रुपए जमा कराए थे। इसके बाद उनके पति का निधन हो गया। जब तीन साल पूरे हुए तो वहां पर नियुक्त मैनेजर ने उस समय पैसे ना होने पर एफडी को 18 माह के लिए रिन्युअल कर दिया। इसके बाद से ही वह अपने पैसे लेने के लिए चक्कर काट रही है, लेकिन कंपनी के कर्मचारी व अफसर उन्हें एक-दो दिन की कहकर टरका रहे हैं। ठगी की शिकार पीड़िता परेशान होने के बाद थाने पहुंची और मामले की शिकायत की। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने जांच के बाद सहारा प्रमुख सुब्रत राय, उनकी पत्नी जयव्रतो राय, शिवानी सिंह, सपना राय, वीके श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, अनिल तिवारी और देवेन्द्र सक्सैना के खिलाफ 420, 406, 34 के तहत धोखाधड़ी, अमानत में ख्यानत सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

