ग्वालियर की क्षमता सफाई में दिखनी चाहिए – ज्योतिरादित्य सिंधिया
ग्वालियर क्षमता यहां की विरासत के रूप में दुनियाभर ने देखी है अब हमें इसी ग्वालियर की क्षमता को शहर की सफाई के रूप में दिखाना है आओ हम सभी मिलकर संकल्प लें कि ग्वालियर को इस प्रकार से चमका दें कि यहां की सड़कें और नालियां बिल्कुल साफ व स्वच्छ रहें। इनमें बिल्कुल भी कचरा ना हो हमें देश का नंबर वन स्वच्छ शहर बनना है। उक्त आशय के विचार केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज नगर निगम ग्वालियर द्वारा आयोजित स्वच्छता महोत्सव के मुख्य आयोजन महाराज बाड़े पर आम नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए व्यक्त किए। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर सांसद विवेक शेजवलकर कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल एवं सभी धर्म गुरुओं सहित बड़ी संख्या में आम जनमानस ने प्रातः 7 बजे से ही महाराज बाड़े पर स्वच्छता के संकल्प में सहभागिता की।
नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर में स्वच्छता का माहौल तैयार करने एवं स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के तहत अधिक से अधिक सिटीजन फीडबैक अपलोड कराने के उद्देश्य से महाराज बाड़ा सहित शहर के सभी वार्डों में स्वच्छता महोत्सव का आयोजन किया गया। सभी वार्डों में चर्चित अतिथियों द्वारा रैली निकालकर क्षेत्र के घर-घर में संपर्क किया और उन्हें स्वच्छता मिशन में सहभागिता करने की अपील की।
महाराज बाड़े पर आयोजित स्वच्छता संकल्प कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित केंद्रीय मंत्री ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि यह ग्वालियर हमारा घर है जिस प्रकार से हम अपने मन और घर को हमेशा स्वस्थ रखते हैं उसी प्रकार से इस ग्वालियर की सड़क के नालिया गलियां सब हमारी हैं इन सभी को भी हमें स्वच्छ रखना चाहिए।
इसके साथ ही महाराज बाड़े से इंदरगंज चौराहे तक निकाली गई स्वच्छता जागरूकता रैली को केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कन्याल द्वारा किया गया तथा अतिथियों का आभार कलेक्टर श्री कौशलेंद्र विक्रम सिंह द्वारा किया गया।

