ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भोपाल आ रहे अदाणी, बिड़ला, गोदरेज समेत दिग्गज उद्योगपतियों का आना तय
भोपाल. ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में शामिल भोपाल आ रहे देश-विदेश के 40 उद्योगपतियों की मध्यप्रदेश सरकार ने सूची जारी कर दी है। इनमें गौतम अदाणी, कुमार मंगलम बिड़ला, नादिर गोदरेज, विनोद अग्रवाल, बाबा एन कल्याणी, राघवपति सिंघानिया, सुनील बजाज समेत अन्य बड़े उद्योगपति शामिल हैं। रविवार को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के ठीक पहले कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री की राष्ट्रीय समिति की बैठक होगी। जिसमें भारत के प्रमुख उद्योगपतियों के साथ मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में आने वाले अतिथियों के वेलकम और उनकी लाइजनिंग के लिए भी राज्य सरकार ने अफसरों की तैनाती की है। अधिकांश उद्योगपति रविवार की रात तक भोपाल पहुंच जाएंगे। सोमवार सुबह से मानव संग्रहालय स्थित समिट में शामिल होकर एमपी की निवेश नीतियों के आधार पर इन्वेस्टमेंट का फैसला करेंगे।
GIS में 10491 प्रतिनिधियों की भागीदारी
समिट में देश-विदेश के उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियां और नीति-निर्माता शामिल होंगे। कुल 31 हजार 659 से अधिक प्रतिभागियों ने विभिन्न श्रेणियों में पंजीकरण कराया है। इसमें उद्योग जगत के लगभग 3 हजार 903 विशेष आमंत्रित और डेलीगेट्स 8046 रहेंगे। इसमें 300 से अधिक गेस्ट ऑफ ऑनर, 133 अंतर्राष्ट्रीय प्रतिभागी 3398 स्टार्टअप्स के प्रतिनिधि, 562 एनआरआई एवं मध्यप्रदेश प्रवासी, विभिन्न उद्योग संघों के 249 प्रतिनिधि और विभिन्न सत्रों एवं विभागीय समिट्स में 10491 प्रतिभागी शामिल होंगे।

