गुना सांसद की गाड़ी का पीछा कर युवक ने गाली गलौच करते हुए धमकी दी
शिवपुरी.शिवपुरी-गुना सांसद केपी यादव के काफिले में घुसे युवक ने लगभग 20 किमी तक पीछा कर कार के आगे बाइक लगा दी और गाली गलौच करते हुए धमकी भी दी, हालांकि वह किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे पाता उससे पहले ही सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया और संबंधित थाने ले जाकर मुकदमा दर्ज करा दिया।
गृह मंत्री को सांसद ने लिखा पत्र
सांसद ने इस मामले में साजिश की आशंका जताते हुए गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा को मामले की जांच के लिए पत्र लिखा है। अशोक नगर एसपी अमन सिंह राठौड़ का कहना है कि युवक शराब के नशे में था, हालांकि अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रहे हैं।
20 किमी तक करता रहा पीछा
जानकारी के अनुसार सांसद केपी यादव सोमवार रात ग्वालियर से अशोकनगर जा रहे थे। जब उनका काफिला खतौरा के पास पहुंचा तभी कुछ बाइक सवारों ने पीछा करना शुरू कर दिया। बाइक सवार बार-बार सांसद की कार के पास पहुंचने का प्रयास कर रहे थे। सांसद की फालो गाड़ी में सवार पुलिसकर्मियों ने उन्हें टोका भी, परंतु एक युवक बाइक से लगभग 20 किमी तक पीछा करता रहा और अशोकनगर जिले के ईसागढ़ के पास कार के सामने बाइक लगा दी। सांसद के अनुसार युवक ने गाली गलौच की और धमकी देने लगा। युवक की पहचान पवन पुत्र पहलवान सिंह यादव उम्र 31 साल निवासी तरावली पोस्ट पीरौंठ तहसील बदरवास जिला शिवपुरी के रूप में की गई।

