गजवा-ए-हिंद मामले में 7 ठिकानों पर NIA की रेड
नई दिल्ली. 23 मार्च 2023 को NIA ने एक साथ गजवा-ए-हिंद मामलों से जुड़े 3 राज्यों के 7 ठिकानों पर छापा मारा। इनमें महाराष्ट्र के 3, गुजरात के 3 और मध्य प्रदेश का 1 ठिकाना है। 8 महीने पहले 22 जुलाई 2022 को बिहार में दर्ज केस में NIA ने ये कार्रवाई की है। गजवा का अर्थ होता है- इस्लाम को फैलाने के लिए की जाने वाली जंग। इस युद्ध में शामिल इस्लामिक लड़ाकों को ‘गाजी’ कहा जाता है। इस तरह मोटे तौर पर गजवा-ए-हिंद का मतलब भारत में युद्ध के जरिए इस्लामिक राज्य की स्थापना करने से है।
अब स्कॉलर्स के बीच मतभेद यह है कि गजवा-ए-हिंद का विचार हदीस का हिस्सा है या नहीं। क्या वाकई में भारत में ऐसा कोई युद्ध होने की आशंका है या साजिश रची जा रही है। दरअसल, कुरान के बाद हदीस ही इस्लामिक धर्म, शिक्षा, रीति-रिवाज का सबसे बड़ा जरिया है। हदीस पैगंबर मोहम्मद की उन बातों का संग्रह है जो उन्होंने सहाबा (पैगंबर के सहयोगी) से उनके किसी सवाल के जवाब में कही थीं।

