कोरोना ने फिर पसारे पैर, तीन राज्यों में संक्रमण दर 8 फीसदी के पार
नई दिल्ली. कोरोना महामारी के तीन साल पूरे हो चुके हैं, लेकिन ये बीमारी अभी तक खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। भारत में एक बार फिर कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसके एक्टिव मरीजों की संख्या अब 8 हजार के करीब पहुंच गई है। बीते 24 घंटे में 1,249 मामले दर्ज किए गए हैं। एक्टिव मामले बढ़कर 7,927 हो गए हैं। पॉजिटिविटी रेट भी बढ़कर 1.9 प्रतिशत हो गया है। अगर राज्यों की बात करें तो देश के चार राज्यों में वायरस तेजी से पांव पसार रहा है। इन राज्यों में महाराष्ट्र, गुजरात, केरल और कर्नाटक शामिल हैं।
संक्रमण दर में बढ़ोतरी
देश के तीन राज्यों में पॉजिटिविटी रेट तेजी से बढ़ रहा है और ये आठ प्रतिशत से अधिक हो गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, पॉजिटिविटी रेट महाराष्ट्र (8.32), हिमाचल प्रदेश (8.66) और गोवा में 9.52 प्रतिशत हो गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, पांच फीसदी से ज्यादा का पॉजिटिविटी रेट चिंताजनक होता है। इसके बाद उसकी रोकथाम के प्रयास तेज कर देना चाहिए।
नए वेरिएंट के मामले
संक्रमण वाले राज्यों में ओमिक्रॉन के XBB.1.16 सब-वेरिएंट के केस भी बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र में इस वेरिएंट के 105 और कर्नाटक में 57 केस आए हैं। हालांकि एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस वैरिएंट से कोई गंभीर खतरा नहीं है और किसी भी मरीज में गंभीर लक्षण नहीं दिखे हैं। एम्स के पूर्व डायरेक्टर डॉ रणदीप गुलेरिया ने बताया कि कोविड के वायरस में लगातार बदलाव हो रहा है लेकिन नये स्ट्रेन अधिक संक्रामक नहीं है। वैसे उन्होंने ये सलाह दी है कि मास्क जरूर लगाएं और बिना मास्क के बाहर जाने से बचें। बुजुर्गों और अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों को विशेष सावधान रहना चाहिए।

