कोरोना के कारण ग्वालियर व्यापार मेला टाल दिया गया
ग्वालियर. कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन ने ग्वालियर में पैर पसारना शुरू कर दिए है जिसके चलते व्यापार मेले का लगना फिलहाल टल गया है। अगर संक्रमण की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो मेला गर्मियों में लगाया जा सकता है जिसके चलते अब मेले में लगी दुकानों पर प्राधिकरण कार्रवई की तैयारी में है।
मेला व्यापारी संघ ने संभाग आयुक्त को ज्ञापन सौंपा
झूले वालों ने वापस जाने की तैयारी शुरू कर दी है लेकिन मेला व्यापारी संघ मेला लगाने को लेकर दबाव बनाए हुए है। जिसको लेकर मेला व्यापारी संघ ने संभाग आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। जिसमें मांग की गई कि मेले में कोविड गाइड लाइन के साथ दुकानें लगाने की अनुमति दी जाए इसके पहले भी व्यापारी संघ प्रधानमंत्री सहित केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरेंद्र सिंह तोमर व प्रदेश के एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा को ज्ञापन दे चुका है लेकिन मेला लगने को लेकर एमएसएमई मंत्री का स्पष्ट कहना है कि हम किसी के भी दबाव में आकर मेले को जल्दबाजी में लगाने वाले नहीं है।
शहरों में संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में मेले को लगाना कहां की समझदारी होगी। मेला अवश्य लगेगा लेकिन संक्रमण की स्थिति को देखते हुए मेले को लगाने का फैसला लेंगे। वहीं मेला लगने की तारीख तय हुए बगैर मेले में लगी दुकानों पर प्राधिकरण कार्यवाही करने के मूड में है। जिसको लेकर अधिकारियों ने मेले का भ्रमण किया और ऐसी दुकानों की सूची बनाई जो मेले में संचालित हो रही है।

