ग्वालियर में कोरोना रोकने आपात बैठक, 9 बजे तक स्वेच्छा से दुकानें बंद करें, बाजारों में भीड़ कम करें
ग्वालियर. शहर में तीन दिन में 37 कोरोना संक्रमित निकलने के बाद कोरोना की रोकथाम के लिए बैठकों का दौर जारी है। मंगलवार शाम अचाकन यूनिवर्सिटी के अटल सभागार में कलेक्टर, सांसद, विधायक व व्यापारियों के साथ अफसरों की बैठक शुरू हुई।
बैठक में कलेक्टर कौशलेन्द्र सिंह ने सुझाव दिया कि कोरोना की रोकथाम के लिए क्यों न व्यापारी दुकानें स्वेच्छा से रात 9 बजे तक बंद कर दें। यहां सांसद का सुझाव आया कि संक्रमण को रोकने के लिए बाजारों में भीड़ कम करनी होगी पर व्यापारी नेता व मध्य प्रेदश चेंबर ऑफ कॉमर्स के मानसेवी सचिव प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि मौतें बाजारों में भीड़ से नहीं बल्कि घबराहट और दवाइयों की कमी के कारण हुई है इसलिए दवाओं की व्यवस्था और बेहतर इलाज के बारे में व्यवस्था बनानी चाहिए।
भीड़ पर नियंत्रण जरूरी
बैठक में सांसद शेजवलकर ने कहा कि थोड़ी सी भी असावधानी की हमें बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है इसलिए भीड़ पर नियंत्रण अत्यंत जरूरी हो गया है। हम सब मास्क लगाकर और सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखकर कोरोना संक्रमण को काफी हद तक रोक सकते हैं। हमें चिंता इस बात की भी करनी है कि अस्पतालों पर कम से कम दबाव आए जिससे अन्य संक्रमितों को बेहतर इलाज मिलता रहे इसके लिए सभी को प्रयास करने होंगे।

