कॉम्बिंग गश्त में 242 फरार स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार 344 गुण्डा व हिस्ट्रीशीटरों को किया चेक
ग्वालियर- आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने व आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से SSP धर्मवीर सिंह के निर्देश पर 07/08 अगस्त की दरमियानी रात्रि शहर व देहात के थाना क्षेत्रों में देर रात तक कॉम्बिंग गश्त किया गया। इस दौरान ASP कृष्ण लालचंदानी एवं पुलिस के समस्त राजपत्रित अधिकारियों द्वारा अपने-अपने अधीनस्थ थाना प्रभारियों के साथ मय पुलिस बल के शहर एवं देहात क्षेत्र में कॉम्बिंग गश्त किया।
पुलिस की कॉम्बिंग गश्त से जिले के बदमाशों में हड़कंप देखने को मिला है। पुलिस के अधिकारियों द्वारा अधीनस्थ थाना बल के साथ अपने-अपने क्षेत्र में पैदल गश्त किया गया। इस दौरान फरारी बदमाशों, वारंटियों, गुण्डों, हिस्ट्रीशीटर बदमाशों एवं जिला बदर के आरोपियों की उनके घरों पर चेकिंग के साथ ही बैंक एटीएम एवं होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबों को भी चेक किया। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों तथा मुंह बांधे दो पहिया वाहन चालकों की विशेष तौर पर चेकिंग की गई।
कॉम्बिग गश्त के दौरान पुलिस ने कुल 112 स्थाई वारंट, 130 गिरफ्तारी वारंट तामील कराये गये साथ ही 171 गुण्डा एवं 173 हिस्ट्रीशीटरों को चेक किया। कॉम्बिंग गश्त के दौरान थाना ग्वालियर में अवैध शराब का 01 एवं थाना इन्दरगंज में सट्टा का 01 प्रकरण पंजीबद्ध किया गया और अन्य प्रकरणों में 23 लोगों पर कार्यवाही की गई हैं।

