करोड़ों रेल यात्रियों को कल बड़ी खुशखबरी देंगे PM मोदी
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री मोदी कल ‘गांधीनगर-मुंबई सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वंदे भारत ट्रेन पीएम मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। उन्होंने 15 अगस्त 2021 को 75 शहरों को वंदे भारत ट्रेन से जोड़ने की बात कही थी। इसके बाद से रेलवे अधिकारी इस पर तेजी से काम कर रहे हैं। रेलवे की प्लानिंग 15 अगस्त 2023 तक इस प्रोजेक्ट को अमलीजामा पहनाने की तैयारी है।
29 हजार करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे
अहमदाबाद-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार से शुरू हो रही अपनी दो दिवसीय गुजरात यात्रा के दौरान हरी झंडी दिखाएंगे। इस दौरान वह 29 हजार करोड़ रुपये की लागत की विभिन्न ढांचागत और विकास संबंधी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ कई योजनाओं की आधारशिला भी रखी जाएगी।
मेट्रो परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन होगा
प्रधानमंत्री शुक्रवार को गांधीनगर और मुंबई सेंट्रल के बीच पहली ‘वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन’ को हरी झंडी दिखाएंगे। वह सुबह करीब 10.30 बजे गांधीनगर राजधानी रेलवे स्टेशन से सेमी हाई स्पीड ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। पीएम मोदी अहमदाबाद के गांधीनगर से कालूपुर स्टेशन जाने वाली ट्रेन में सवारी भी करेंगे। वह कालूपुर से 12,925 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई बहुप्रतीक्षित अहमदाबाद मेट्रो परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे।
मोदी कालूपुर में मेट्रो ट्रेन में सवार होंगे और थलतेज में स्थित दूरदर्शन केंद्र पहुंचेंगे, जहां उनका दोपहर करीब 12 बजे एक जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है। मोदी शाम को बनासकांठा जिले के अंबाजी शहर पहुंचेंगे और 7,200 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। फिर एक सभा को संबोधित करने के बाद, वह प्रसिद्ध अंबाजी मंदिर में ‘आरती’ करेंगे।

