ऑपरेशन सिंदूर और पीएम का फोटो रेलवे टिकट पर रेलवे बोली यह सिर्फ संदेश
भोपाल. रेलवे टिकट पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की फोटो के साथ ऑपरेशन सिंदूर का प्रचार करने पर सियासत गर्मा गयी है। कांग्रेस ने इस पर आपत्ति जताई है। कांग्रेस ने कहा है कि जब से भारत की सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से पाकिस्तान के दांत खट्टे किये है। तब से भाजपा की कोशिश यही है कि सेना के पराक्रम और वीर सैनिकों की बहादुरी को चुनावी राजनीति के लिये कैसे भुनाया जाये। इधर,, इस मामले में आईआरसीटीसी का कहना है कि यह सिर्फ संदेश है, विज्ञापन नहीं है।
आपको बता दें कि पाकिस्तान के साथ सीजफायर के 51 घंटे के बाद पीएम मोदी ने सोमवार की रात 8 बजे देश को संबोधित किया था। अपने 22 मिनट के भाषण में पीएम ने पहलगाम हमला, ऑपरेशन सिंदूर, सीजफायर, आतंकवाद, सिंधु जल समझौते और पीओके पर बात की थी। प्रधानमंत्री ने कहा है कि जिन आतंकियों ने हमारी मां-बहनों का सिंदूर मिटाया, हमने उन्हें मिटा दिया। हमारे ऑपरेशन में 100 से अधिक खूंखार आतंकवादी मारे गये हैं। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ मिलिट्री एक्शन को केवल स्थगित किया है। पाकिस्तान का रवैया देखकर आगे का एक्शन तय करेंगे। हम पाकिस्तान से आतंकवाद और पीओके पर ही बात करेंगे।
सेना के अभियान को प्रचार सामग्री बनाया -कांग्रेस
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के मीडिया एडवाइजर पीयूष बबेले ने कहा कि भारत में हमेशा से एक स्वस्थ परंपरा रही है कि सेना को राजनीतिक बहस से दूर रखा जाता है। लेकिन भाजपा इस परंपरा को तोड़ते हुए सेना के अभियान को भी प्रचार सामग्री बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं द्वारा पहले भी अनर्गल बयान दिए गए। किसी ने मंत्री रहते हुए तो किसी ने सांसद और विधायक रहते हुए गैर जिम्मेदाराना टिप्पणी की। यहां तक कि विदेश मंत्री तक ने ऐसा बयान दिया है जो शोभा नहीं देता, लेकिन अब तो एक कदम आगे बढ़कर भाजपा और केंद्र सरकार ने रेलवे को भी इस राजनीतिक अभियान में शामिल कर लिया है।

