उरई से ग्वालियर आ रहे युवकों की कार से 7.15 लाख नगद बरामद
भिंड. उत्तरप्रदेश के जालौन उरई से ग्वालियर जा रहे कार सवार युवकों की कार से 7.15 लाख नकद बरामद किए गए है। मौ थाने के एसआई रामबाबू यादव ने बताया कि उपचुनाव के मद्देनजर चेकिंग प्वाइंट लगाए गए है इस दौरान काले रंग की कार को रोका गया। कार में सवार युवक की तलाशी ली गई तो उसकी जेब से नकद 1 लाख रुपए बरामद किए गए इसके बाद कार चला रहे युवक के पास से और बैग से भी नकदी मिली।
कार सवार युवकों के पास से कुल 7.15 लाख रुपए जब्त किए गए है। एसआई का कहना है कि पूछताछ में युवक नगदी के संबंध में कोई ठोस जवाब नहीं दे पाए। अब चुनाव आयोग और आयकर विभाग को सूचना भिजवाई जा रही है। एसआई रामबाबू यादव ने बताया कि रविवार दोपहर बाद चेकिंग के दौरान उरई जालौन से आ रही काले रंग की कार क्रमांक यूपी 92 वी 0009 को रूकवाया गया। कार में ड्राइवर के बगल में चड्ढा पहने बैठे मोहित पुत्र रामभरोसे दुबे निवासी राजेंद्र नगर उरई जालौन के पास से 1 लाख रुपए नगद मिले।
एसआई यादव का कहना है कि मोहित से पूछताछ की गई तो पहले उसने कहा कि ग्वालियर जेएएच में कैंसर के इलाज के लिए रुपए लेकर जा रहा है। इस दौरान कार में रखे बैग की तलाशी ली गई तो उसमें भी करीब 4 लाख रुपए नगद मिले। कार ड्राइव कर रहे धर्मेंद्र यादव पुत्र प्रेम सिंह यादव निवासी पटेल नगर के पास से भी बड़ी रकम मिली। एसआई यादव का कहना है कि कार में कई जगह पर नगदी को रखा गया था।
मोहित, धर्मेंद्र और कार से 7.15 लाख रुपए जब्त किए गए है। नगदी मिलने की सूचना पर नायब तहसीलदार अमित दुबे भी मौके पर पहुंचे। एसआई का कहना है कि मोहित और धर्मेंद्र दोनों नगदी के संबंध में फिलहाल कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाए है और न ही इनकी ओर से यह बताया गया है कि वे इतनी बड़ी रकम लेकर कहां जा रहे थे इसलिए रकम को जब्त किया गया है।

