तीन महीनों में कोरोनावायरस का टीका आ जाएगा
नई दिल्ली. ब्रिटेन में कोरोना वायरस का टीका 3 महीनों के अंदर आ जाएगा। जानकारी के अनुसार विज्ञानी ऑक्सफोर्ड की वैक्सीन पर काम कर रहे है और उन्हें उम्मीद है कि नियामक (रेगुलेटर) इसे वर्ष 2021 की शुरूआत से पहले मंजूरी देंगे। फार्मास्यूटिकल्स कंपनी एस्ट्राजेनेका के साथ मिलकर ऑक्सफोर्ड इस वैक्सीन का परीक्षण कर रही है। ब्रिटिश सरकार ने वैक्सीन की 10 करोड़ खुराक बनाने का आदेश दिया है। स्वास्थ्य अधिकारियों को अनुमान है कि 6 महीने के अंदर प्रत्येक वयस्क को वैक्सीन मिल सकती है, हालांकि उनके इस दावे को लेकर भी सभी एकमत नहीं है।
कोरोना से 1 लाख से अधिक मौतें अकेले यूरोप में हुई
यूरोपीय मेडिसिन एजेंसी ने कहा कि उसने एस्ट्राजेनेका और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के संभावित कोरोना वैक्सीन के अंकड़ों की समीक्षा शुरू कर दी है। इस तरह का कदम इसलिए उठाया जा रहा है कि एक बार वैक्सीन आने के बाद उसे मंजूरी देने की प्रक्रिया में समय की बर्बादी नहीं हो। आपको बता दें कि कोरोना से 1 लाख से अधिक मौतें अकेले यूरोप में हुई है। टीकाकरण पर बनाए गए प्रोटोकॉल के तहत सबसे पहले यह वैक्सीन 65 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को दी जाएगी। इसके बाद 50 वर्ष से ऊपर के लोगों को दी जाएगी।
वैक्सीन से 50 प्रतिशत संक्रमण को रोकने में सफलता मिलेगी
फिलहाल बच्चों को इस टीकाकरण कार्यक्रम से बाहर रखा गया है। वहीं विज्ञानियों को उम्मीद है कि इस वैक्सीन से 50 प्रतिशत संक्रमण को रोकने में सफलता मिलेगी। एक बार नियामक से वैक्सीन को मंजूरी मिलने के बाद नेशनल हेल्थ सर्विस (एनएचएस) से तुरंत सामूहिक टीकाकरण शुरू करने के लिए कहा जा सकता है, हालांकि ब्रिटिश सरकार में प्रत्येक वयस्क के टीकाकरण की मसयावधि को लेकर मतभेद है।

