इस बार असली पुष्पराज के घर और दफ्तरों पर छापा, 50 जगहों पर IT की सर्चिंग
कन्नौज. आखिरकार असली P पर छापा पड़ गया। 200 करोड़ी पीयूष जैन के घर छापे के बाद बार-बार यह बात आ रही थी कि आयकर अफसरों ने गलती से P के चक्कर में पीयूष के घर छापा मार दिया। जबकि निशाना दूसरे वाले P यानी MLC पुष्पराज जैन पम्पी थे। खैर, 8 दिनों बाद उस गलती को आयकर अफसरों ने ठीक कर लिया। शुक्रवार सुबह 7 बजे आयकर अफसर पम्पी के कन्नौज स्थित घर पहुंच गए। थोड़ी देर में ही खबर आने लगी कि सिर्फ कन्नौज नहीं बल्कि कानपुर, हाथरस, नोएडा और अंबेडकरनगर में भी पम्पी की फैक्ट्री और ऑफिसेज में छापेमारी हुई है। पम्पी ने 2022 के लिए 22 फूलों से बना समाजवादी इत्र लॉन्च किया था। वह अखिलेश के बेहद करीबी माने जाते हैं।
IT ने यूपी में 50 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की
सिर्फ पम्पी जैन के यहां नहीं बल्कि IT ने यूपी में 50 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इसे यूपी की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया जा रहा है। इन 50 में से 6-7 ठिकाने पम्पी जैन के हैं। जैन के लखनऊ के अलावा कन्नौज, कानपुर, नोएडा और हाथरस के ठिकानों पर सुबह से सर्चिंग कर रही है। पम्पी जैन के अलावा कन्नौज के ही इत्र कारोबारी मोहम्मद याकूब मलिक के भाई मोहसिन के घर IT पहुंची है। इनकी भी सपा से नजदीकियां बताई जाती हैं। लखनऊ में हजरतगंज स्थित मोहसिन की कोठी पर 6-7 अफसरों की टीम सर्चिंग कर रही है। इसके अलावा जिन कारोबारियों के यहां छापे पड़े हैं, उनमें ज्यादातर गुटखा और इत्र कारोबार से जुड़े हुए हैं।
20 कारोबारियों ने अपने ऑफिस नहीं खोले
इत्र कारोबारयों के यहां रेड के बाद लगभग 20 कारोबारियों ने अपने ऑफिस नही खोले। बता दें कि कानपुर में महावीर जैन के आनंदपुरी स्थित घर पर इनकम टैक्स की रेड चल रही है। आनंदपुरी निवासी कारोबारी अनूप जैन समेत एक्सप्रेस-वे रोड, स्वरूप नगर और आर्य नगर में सर्चिंग चल रही है। एक्सप्रेस-वे, नयागंज, घंटाघर और बिरहा रोड स्थिति पर कारोबारियों के कार्यालय आज बंद है।
पड़ोसियों के मुताबिक, पुष्पराज घर में ही हैं। टीम ने जिस घर पर रेड डाली है, यहां उनका भाई अतुल जैन अपनी फैमिली के साथ रहता है। पुष्पराज की फैमिली मुंबई में रहती है। इनकी कोई संतान नहीं है। कन्नौज में उसके दो घर हैं। बता दें, पीयूष जैन का घर भी इसी छिपट्टी मोहल्ले में है, जो पुष्पराज के घर से महज 100 मीटर दूर है।

