आम जनता, व्यापारियों के लिए खुशखबरी, त्योहारी सीजन में नहीं होगी आर्थिक परेशानी, लोन के लिए सरकार ने बनाई व्यवस्था
नई दिल्ली. आम जनता और व्यापारियों के लिए खुशखबरी है। कोरोना संकट व लॉकडाउन के चलते आय, कारोबार में नुकसान झेल रहे लोगों के लिए यह राहत भरी खबर है। आने वाले त्योहारी सीजन में अब उन्हें आर्थिक संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा। केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए यह व्यवस्था बना दी है कि त्योहारों के समय में लोन के मामलों में कोई परेशानी नहीं आएगी। सरकार ने बैंकों को यह भी कहा कि मोरेटोरियम की सुविधा लेने वाले व कोविड की वजह से कर्ज नहीं चुका पाने वाले ग्राहकों के लिए नई समाधान योजना 15 सितंबर तक तैयार कर लें। इस फैसले से देश के लाखों लोगों को सीधे तौर पर फायदा होगा।
त्योहारी सीजन में कर्ज वितरण में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए
अर्थव्यवस्था के गहरी मंदी में जाने व बैंकिंग कर्ज की रफ्तार में बड़ी कमी आने के बीच वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बैंकों से साफ कहा है कि तमाम कठिनाइयों के बावजूद इस वर्ष के त्योहारी सीजन में कर्ज वितरण में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। बैंकों व एनबीएफसी के प्रमुखों के साथ गुरूवार को हुई बैठक में वित्त मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिस तरह से पिछले वर्ष सितंबर-अक्टूबर में देशभर में कैंप लगाकर कर्ज बांटने की मुहिम चलाई गई थी, ठीक उसी तरह इस वर्ष भी होनी चाहिए। वित्त मंत्री ने आगे कहा कि नई समाधान योजना इस तरह की होनी चाहिए कि संभल सकने लायक कंपनियों को कर्ज मिलने और उन्हें दोबारा कारोबार शुरू करने में कोई परेशानी न हो। यह योजना 15 सितंबर तक बन जानी चाहिए। इसका भरपूर प्रचार-प्रसार होना चाहिए ताकि ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद ग्राहक इसका फायदा उठा सकें।

