आदर्श गौ-शाला लाल टिपारा में भव्य गोवर्धन पूजा एवं गौ पूजन

लगभग 2000 से ज्यादा भक्तों ने किया गौ-माता व गोवर्धन भगवान का पूजन
ग्वालियर – मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी आदर्श गौशाला में गोवर्धन भगवान का भव्य पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। गौशाला परिसर में 108 टन गोबर से निर्मित गोवर्धन पर्वत और और इस पर्वत पर गोबर व प्राकृतिक रंगों से निर्मित भगवान श्रीकष्ण की प्रतिमा की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर सहित अन्य अतिथिगणों एवं बड़ी संख्या में पहुँचे श्रद्धालुओं ने पूजन किया। इस अवसर पर कहा हमारी संस्कृति में त्यौहारों का विशेष महत्व है। हमारी परंपराओं व संस्कृति में प्रकृति के प्रति आदर भाव गहरे तक समाया हुआ है। इसी भाव के साथ हम गोवर्धन एवं गौ पूजन कर समूचे विश्व को प्रकृति, पर्यावरण एवं पशुधन संरक्षण का संदेश देते हैं। गोवर्धन पूजन कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य यशवंत इंद्रापुरकर ने इस अवसर पर कहा सभी भारतीय पर्व में समाज को संगठित कर बुराइयों का नाश करने का संदेश छुपा होता है। उन्होंने कहा मानव कल्याण एवं देश के उत्थान के समाज को संगठित होकर काम करना होगा। संत ऋषभ देवानंद ने कहा लाल टिपारा गौशाला संस्कारशाला के रूप में भी काम कर रही है। गौशाला से 5 विश्वविद्यालयों ने गौ संरक्षण के संबंध में अनुबंध किया है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा
इस अवसर पर आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई। सागर से आए बुंदेलखंडी लोक कलाकारों के समूह ने भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं पर संगीतमय लोक नृत्य प्रस्तुत कर समा बांध दिया । इसी तरह स्थानीय कला समूह के कलाकारों ने “वन मित्र ” नृत्य प्रस्तुत कर सबको मन्त्र मुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी कलाकारों को सम्मानित किया गया।
सांसद ने भी किया गोवर्धन पूजन
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने भी बुधवार को लाल टिपारा पहुँचकर गौपूजन एवं गोवर्धन पूजा की। उन्होंने सभी को गोवर्धन पूजा की बधाई व शुभकामनायें दीं। साथ ही सभी से पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।

