आज से सिगरेट के दाम 40% तक बढ़े, फास्टैग में KYV वेरिफिकेशन की जरूरत नहीं, 6 बदलाव
नई दिल्ली. फरवरी में 6 बड़े बदलाव हो रहे हैं। आज से सिगरेट और तम्बाकू प्रोडक्ट्स महंगे हो गए हैं। वहीं अब से नई कार, जीप और वैन के लिए फास्टैग जारी करते समय अब नो योर व्हीकल प्रोसेस की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा 1 फरवरी से 19 किलो वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 50 तक महंगा हो गया है।

6 बड़े बदलाव
जीएसटी बढ़ा, सिगरेट 40 प्रतिशत तक महंगी होंगी
3 सितंबर 2025 को किए गए बदलाव के बाद अब 1 फरवरी से पान मसाला, खैनी और गुटखा जैसे तंबाकू उत्पादों पर 40 प्रतिशत जीएसटी लगेगा। सेस हटा दिया गया है। अभी तक इन पर 28 प्रतिशत जीएसटी के साथ ‘कंपनसेशन सेस’ लगता था। इससे कुल टैक्स 50 प्रतिशत से ज्यादा हो जाता था।
सिगरेट पर उसकी लंबाई के आधार पर नई एक्साइज ड्यूटी भी लागू होगी। 2.05 से लेकर 8.5 प्रति स्टिक तक ये एक्साइज ड्यूटी लगेगी। इसके अलावा तंबाकू उत्पादों की तरह सिगरेट पर 40 प्रतिशत जीएसटी भी लगेगा। हालांकि बीड़ी पर राहत देते हुए जीएसटी को 18 प्रतिशत कर दिया गया है।
फास्टैग यूजर्स को नो योर व्हीकल वेरिफिकेशन की जरूरत नहीं
आज से नई कार, जीप और वैन के लिए फास्टैग जारी करते समय अब नो योर व्हीकल प्रोसेस की जरूरत नहीं होगी। नेशनल हाईवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने नई कार के लिए नो योर व्हीकल प्रोसेस बंद करने का फैसला किया है। साथ ही, जिन कारों पर पहले से फास्टैग लगा है, उनके मालिकों को भी अब रूटीन नो योर व्हीकल कराने की जरूरत नहीं होगी। इससे वाहन मालिकों को वैलिड डॉक्युमेंट होने के बावजूद लंबी वेरिफिकेशन प्रक्रिया के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 50 रुपए तक बढ़े
आज से 19 किलो वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 50 रुपए तक महंगा हो गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 49 रुपए बढ़कर 1740.50 हो गई है। पहले यह 1691.50 में मिल रहा था। वहीं चेन्नई में यह अब 50 रुपए महंगा होकर 1899.50 रुपए में मिलेगा।

आरबीआई की मीटिंग 4 से 6 फरवरी, 0.25 प्रतिशत घट सकती है ब्याज दर
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की मीटिंग 4 से 6 फरवरी तक चलेगी। ये वित्त वर्ष 2025-26 की आखिरी मीटिंग होगी। उम्मीद की जा रही है कि इस मीटिंग में आरबीआई ब्याज दर 0.25 प्रतिशत घटाकर 5 प्रतिशत कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो लोन सस्ते होंगे और आपकी ईएमआई भी घट सकती है।
एविएशन फ्यूल के दाम घटने से हवाई टिकट सस्ता हो सकता है
फरवरी में हवाई यात्रा करने वालों को राहत मिलने की उम्मीद है। तेल कंपनियों ने एविएशन फ्यूल के दाम करीब 1 हजार रुपए घटा दिए हैं। दिल्ली में फ्यूल के दाम 92,323.02 से घटकर 91,393.39 प्रति किलोलीटर हो गए हैं। कीमतों में आई इस कमी से एविएशन कंपनियों की ऑपरेशनल कॉस्ट कम होगी, जिसका सीधा फायदा हवाई टिकटों के दाम कम होने के रूप में यात्रियों को मिल सकता है।

