आकाशवाणी चौराहे के पास कार पलटी, क्राइम ब्रांच टीम ने बचाई जान
ग्वालियर. शहर के आकाशवाणी चौराहे के पास शाम बड़ा हादसा होने से बच गया। तेज रफ्तार स्कार्पियो आगे चल रही कार को साइड से टक्कर मारती हुई आगे जाकर पलट गई। इससे एक लेन पर जाम लग गया। उसी समय आरोपियों की तलाश में निकली क्राइम ब्रांच की टीम ने स्कार्पियो चला रहे सागरताल निवासी गजेंद्र सिंह जादौन को कार से बाहर निकाला।
क्राइम ब्रांच टीम के सदस्य पलटी कार के ऊपर चढ़े और कार का दरवाजा खोलकर युवक को बाहर निकाला। स्कार्पियो जिस कार से टकराई, उसका दायीं तरफ का हिस्सा अंदर की ओर घुस गया। हालांकि उसमें सवार लोग सुरक्षित रहे। जान बचाने वालों में एएसआई जितेंद्र शर्मा, प्रधान आरक्षक अर्चना सिंह कंसाना, भानू प्रताप सिंह, प्रदीप यादव का योगदान रहा।

