अमेरिका में यहूदी धर्मस्थल पर आतंकी हमला, चार लोगों को बंधक बनाया, पाकिस्तान की आतंकी को रिहा करने की मांग
अमेरिका. टेक्सास में एक आतंकी ने शनिवार देर रात को एक यहूदी मंदिर (सिनेगॉग) में हमला कर 4 लोगों को बंधक बना लिया। जिनमें से एक बंधक को रिहा कर दिया गया है। आतंकी ने टेक्सास की जेल में बंद पाकिस्तानी न्यूरो साइंटिस्ट आफिया सिद्दीकी को रिहा करने की मांग की है। आफिया को अल कायदा से संबंध रखने के आरोप में अमेरिका में जेल की सजा सुनाई गई थी।
टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने बताया कि शनिवार देर रात (अमेरिकी समय के अनुसार) डलास इलाके में मौजूद सिनेगॉग में लोगों को बंधक बनाया गया है। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जानकारों के अनुसार आतंकी ने 4 लोगों को बंधक बनाया है। टेक्सास पुलिस, स्वाट स्क्वाड और एफबीआई टीम मौके पर पहुंच चुकी है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भी घटना की जानकारी ली है।
कौन है आफिया सिद्दीकी
पाकिस्तान की नागरिक डॉ. आफिया सिद्दीकी पर अलकायदा से जुड़े होने का आरोप है। उसने मेसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से न्यूरोसाइंस में पीएचडी की है। सिद्दीकी का नाम 2003 में उस वक्त चर्चा में आया था जब एक आतंकी खालिद शेख मोहम्मद ने FBI को उसके बारे में सुराग दिया था। इस सूचना के आधार पर आफिया को अफगानिस्तान से गिरफ्तार किया गया। वहां उसने बगराम की जेल में एक FBI अधिकारी को मारने की कोशिश की थी, जिसके बाद उसे अमेरिका डिपोर्ट कर दिया गया था। आफिया कथित सोशल एक्टिविस्ट भी है, उस पर यह भी आरोप है कि वह जिस चैरिटी संस्थान से जुड़ी थी, उसने केन्या में अमेरिकी दूतावास पर हमला किया था। वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हमले के बाद भी FBI ने मई 2002 में आफिया और उसके पति अमजद खान से लंबी पूछताछ की थी।

