अब ट्रेन की सीट पर नहीं दिखेंगे कॉकरोच, रेलवे ने उठाया कदम, सीधा असर ग्वालियर से संचालित होने वाली ट्रेनों पर पड़ेगा
ग्वालियर. ट्रेनों में सफर के दौरान गंदगी और कॉकरोच जैसी समस्याओं से जूझ रहे रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने अब इस समस्या से निजात दिलाने के लिए अपनी सफाई व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अभी तक ट्रेनों की सफाई के लिए आउट-कम बेस (सिर्फ काम होना चाहिए) की शर्त पर काम होता था, जिससे अक्सर गुणवत्ता से समझौता होता था। लेकिन अब नई व्यवस्था के तहत सफाई के लिए मैनपॉवर (कर्मचारियों की संख्या) बढ़ा दी गई है, जिससे ट्रेनों की सफाई अब मनमर्जी से नहीं, बल्कि बेहतर गुणवत्ता के साथ हो सकेगी।
सीधा असर ग्वालियर से संचालित होने वाली ट्रेनों पर पड़ेगा
इस बदलाव का सीधा असर ग्वालियर से संचालित होने वाली ट्रेनों पर भी पड़ेगा, जिनकी संख्या करीब 10 है। पिट लाइन में ट्रेन में सफाई के लिए अधिक कर्मचारी तैनात किए जा रहे हैं, जिससे कोई भी ट्रेन मैकेनाइज्ड मशीनों से साफ होकर पिट लाइन से बाहर आएगी तो उसकी सफाई की क्वालिटी में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा।
हर दिन आती है 10-15 शिकायतें
रेलवे को यात्रियों द्वारा हर दिन काफी शिकायतें मिलती हैं, लेकिन ग्वालियर और आसपास के क्षेत्रों में ट्रेन के चलते समय सबसे ज्यादा शिकायतें गंदगी को लेकर आती हैं। आंकड़ों के अनुसार, हर दिन औसतन दस से पंद्रह शिकायतें केवल गंदगी और कॉकरोच से जुड़ी होती हैं।

