पुलिस ने पत्थरों से भरे 5 ट्रैक्टर -ट्रॉलियां की जब्त, जेसीबी से उठाया पलटे वाहनों को
मुरैना. शहर के न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सामने संचालित अवैध पत्थर मंडी पर शनिवार को पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए पत्थरों से भरी 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की है। 2 थानों की पुलिस और लाइन के बल के साथ की गयी कार्यवाही के बीच चालक वाहन छोड़कर फरार हो गये। पुलिस ने सभी वाहनों का जब्त कर वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस को लम्बे वक्त से न्यू हाउसिंग बोर्ड इलाके में अवैध रूप से पत्थरों के भंडारण और परिवहन की शिकायतें मिल रही थी। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके कार्यवाही की गयी है। अभियान में सिटी कोतवाली, सिविल लाइन थाना और पुलिस लाइन का बल शामिल रहा है।
चारों तरफ से घेराबंदी, चालक मौके से भागे
कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर कोई चालक फरार न हो सके, इसके लिए पुलिस ने चारों ओर से ट्रक खड़े कर रास्ते बंद कर दिए। अचानक हुई घेराबंदी से चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकले। इस दौरान भागने की कोशिश में कुछ ट्रॉलियां पलट भी गईं। पलटी हुई ट्रॉलियों को जेसीबी की मदद से सीधा कराया गया। इसके बाद पत्थरों से भरी सभी पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर पुलिस ने आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की।

