आज मनेगा ग्वालियर गौरव दिवस, सीएम आएंगे कवि सम्मेलन में पवार-चौहान गरजेंगे
ग्वालियर. भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिवस रविवार को “ग्वालियर गौरव दिवस” के रूप में धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। मुख्य आयोजन महाराज बाड़ा पर शाम साढ़े चार बजे से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में होगा। समारोह में राष्ट्रीय कवि हरिओम पवार को अटल सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। साथ ही 5 विभिन्न विधाओं में ग्वालियर गौरव सम्मान प्रदान किए जाएंगे। आयोजन में विश्व विख्यात सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खां साहब एवं उनके सुपुत्र अमान अली व अयान अली की प्रस्तुतियां होगी। साथ ही भजन साम्राज्ञी अनुराधा पौडवाल एवं उनके साथ आ रहे सारेगामा फेम कलाकारों की प्रस्तुतियां भी होंगी। इस अवसर पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन भी होगा। आयोजन में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, महापौर डॉ. शोभा सिकरवार आदि शामिल होंगे।
दिनभर चली तैयारियां
महाराज बाड़े पर विक्टोरिया मार्केट की इमारत के बाहरी हिस्से में गौरव दिवस आयोजन के लिए दो मंच बनाए गए हैं। बांयी ओर मंच पर मुख्यमंत्री सहित अन्य विशिष्ट अतिथि बैठेंगे। दाहिनी ओर मंच पर कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। शनिवार सुबह से शुरू हुईं तैयारियां देर रात तक चलती रहीं। इस दौरान बाड़े के आस-पास की सफाई, पेच रिपेयरिंग से लेकर पेड़ को छांटने का काम किया गया।

